Sagar- नए मकान में निकला गोहेरा , दीवार से चिपका देख दहशत में आए मजदूर, रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा जाएगा
Sagar- नए मकान में निकला गोहेरा , दीवार से चिपका देख दहशत में आए मजदूर, रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा जाएगा
सागर शहर के भोपाल रोड स्थित महादेव मैरिज गार्डन के बाजू में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक निर्माणाधीन मकान में अचानक विशालकाय मॉनिटर लिज़र्ड, जिसे स्थानीय भाषा में गोह या गोहेरा कहा जाता है, नजर आया। घटना के बाद मजदूरों और मकान मालिक में दहशत फैल गई और सभी लोग जान बचाकर बाहर निकल आए। जानकारी के अनुसार महादेव पटेल के नए मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। मकान में तराई का काम किया जा रहा था, इसी दौरान मजदूरों की नजर दीवार पर चिपके एक अजीब से जीव पर पड़ी। जब पास जाकर देखा गया तो वह करीब दो से ढाई फीट लंबा गोहरा था, जो दीवार से चिपका हुआ था। अचानक इस दृश्य को देखकर मजदूर घबरा गए और काम छोड़कर बाहर भाग निकले।
मकान मालिक द्वारा तत्काल इसकी सूचना सर्प एवं वन्यजीव रेस्क्यू विशेषज्ञ बबलू पवार को दी गई। सूचना मिलते ही बबलू पवार अपनी रेस्क्यू टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने सावधानीपूर्वक पूरे क्षेत्र को सुरक्षित किया और फिर काफी मशक्कत के बाद मॉनिटर लिज़र्ड को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। बबलू पवार ने बताया कि गोहरा एक संरक्षित वन्य जीव है और आमतौर पर यह इंसानों पर हमला नहीं करता, लेकिन डर के कारण यह नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने कहा कि बारिश और निर्माण कार्यों के चलते ऐसे जीव रिहायशी इलाकों की ओर आ जाते हैं। इस गोहेरा की लंबाई करीब दो से ढाई फीट है और यह पूरी तरह स्वस्थ है।
रेस्क्यू के बाद टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को राहत की सांस दिलाई। मजदूरों और मकान मालिक ने रेस्क्यू टीम का आभार जताया। बबलु पवार ने बताया कि पकड़े गए गोहरा को वन विभाग के नियमों के तहत सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा, ताकि वह अपने प्राकृतिक वातावरण में लौट सके। इस घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में भी लोग सतर्क नजर आए। रेस्क्यू टीम ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी सांप या अन्य वन्य जीव दिखाई दें तो घबराएं नहीं, उन्हें नुकसान न पहुंचाएं और तुरंत विशेषज्ञ या वन विभाग को सूचना दें। फिलहाल, समय रहते रेस्क्यू होने से एक बड़ा हादसा टल गया और मॉनिटर लिज़र्ड को भी सुरक्षित बचा लिया गया।