Sagar-मृतकों की गरिमा पर कानून की मांग तेज,IMA सागर की मांग राजस्थान मॉडल को MP में लागू करने की पहल
मृतकों की गरिमा और सम्मान की रक्षा को लेकर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) सागर शाखा ने एक बड़ा और संवेदनशील कदम उठाया है। आईएमए के प्रतिनिधिमंडल ने नगर विधायक श्री शैलेंद्र जैन से भेंट कर उन्हें आईएमए का 2026 कैलेंडर भेंट किया और राजस्थान में लागू Honour of Dead Body Act, 2023 की तर्ज पर मध्य प्रदेश में भी सख्त कानून बनाने की मांग को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। आईएमए का कहना है कि हाल के वर्षों में विरोध-प्रदर्शनों और राजनीतिक दबाव बनाने के लिए मृत शरीरों का सार्वजनिक प्रदर्शन, सड़कों पर शव रखकर आंदोलन करना और अंतिम संस्कार में देरी जैसी घटनाएं लगातार बढ़ी हैं, जो मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक मर्यादाओं के खिलाफ हैं। ऐसे कृत्य न केवल मृतक की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं, बल्कि उनके परिजनों और समाज के लिए भी पीड़ादायक साबित होते हैं।
राजस्थान सरकार द्वारा लागू Honour of Dead Body Act, 2023 को एक प्रगतिशील और अनुकरणीय कानून बताते हुए आईएमए ने इसके प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। कानून के तहत गैर-परिवारजन द्वारा शव का प्रदर्शन या दुरुपयोग करने पर 6 महीने से 5 वर्ष तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है। वहीं, परिवार के सदस्य की सहमति या भागीदारी पर 2 वर्ष तक की कैद और जुर्माना तथा अंतिम संस्कार के लिए शव लेने से इनकार करने पर 1 वर्ष तक की सजा या जुर्माना निर्धारित है। विधायक शैलेंद्र जैन ने इस प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि “शव पर राजनीति” और “लाशों के साथ प्रदर्शन” जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ऐसा कानून बेहद जरूरी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस विषय को गंभीरता से लेते हुए मध्य प्रदेश विधानसभा में विधेयक लाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि मृतकों का सम्मान समाज की सभ्यता और संवेदनशीलता का पैमाना है।
आईएमए सागर के अध्यक्ष डॉ. तल्हा साद ने कहा कि इस कानून से मृतकों की गरिमा सुरक्षित होगी और समाज में मानवीय मूल्यों को मजबूती मिलेगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान डॉ. अरुण सराफ, डॉ. राजेंद्र चौदह, डॉ. जितेंद्र सराफ, डॉ. मोनिका जैन, डॉ. मनीष जैन, डॉ. रूपाली जैन, डॉ. रविकांत अरजरिया सहित अनेक वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे। आईएमए सागर ने स्पष्ट किया कि वह इस सामाजिक मुद्दे पर आगे भी जन-जागरूकता और कानून निर्माण में सक्रिय सहयोग करता रहेगा।