Sagar - चांदामऊ मामले में 376 का मामला दर्ज, हिंदू संगठनों के विरोध के बाद पुलिस का एक्शन
सागर जिले की नरयावली विधानसभा क्षेत्र के एक गांव में मकान में लगी आग में झुलसकर दो भाइयों की मौत हो गई थी। आगजनी की घटना के विरोध में मंगलवार को हिंदू संगठनों ने जमकर प्रदर्शन किया। विभिन्न हिंदू संगठनों से जुड़े लोग कटरा बाजार स्थित म्युनिसिपल स्कूल के पास जमा हुए। यहां से रैली के रूप में राधा तिराहा होते हुए भगवानगंज चौराहा पहुंचे। उन्होंने आगजनी में हुई दो भाइयों की मौत और बहन के झुलसने के मामले में कार्रवाई की मांग की। इस दौरान शहर के प्रमुख थानों का बल मौजूद रहा।
जिला प्रशासन का पुतला जलाया गया। एडिशनल एसपी लोकेश सिन्हा मौके पर पहुंचे तो प्रदर्शनकारी एसपी को ज्ञापन सौंपने की मांग पर अड़ गए। वे सड़क पर बैठ गए। बाद में समझाइश देकर प्रदर्शनकारियों को शांत कराया गया। वहीं देर शाम महिला थाने में आरोपी फहीम खान के खिलाफ 376 की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। महिला थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर रेप का केस दर्ज किया है।
घटना 4 दिसंबर की है। नरयावली थाना इलाके के एक गांव में एक मकान में आग लगी थी। घटना के समय घर में दो भाई और उनकी बहन सो रही थी। आग की चपेट में आने से तीनों गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान दो भाइयों की मौत हो गई थी। बहन का इलाज चल रहा है। आग में झुलसी बहन ने घटना के कुछ दिन बाद अपने बयानों में कहा कि गांव के फहीम नाम के युवक ने घर में आग लगाई है। वह मेरी छोटी बहन को परेशान करता था।