Sagar - अंबेडकर प्रतिमा तोड़ने से गांव में तनाव, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर |SAGAR TV NEWS
सागर जिले के मड़ैया माफी गांव में उस समय हड़कप मच गया जब डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी लगते ही समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए हैं। गांव में तनाव के जैसा माहौल बन गया स्थिति को कंट्रोल करने के लिए प्रशासन के आला अधिकारी और पुलिस का अमला भी मौके पर पहुंच गया है।
जानकारी के मुताबिक मालथौन थाना क्षेत्र के मड़ैया माफी गांव में स्थापित डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले की सूचना मिलते ही गांव सहित संगठन के लोगों के अलावा समाज के लोग बड़ी संख्या में गांव पहुंच गए। साथ ही मालथौन पुलिस के अलावा आसपास के थानों का पुलिस बल भी मौके पर पहुंच चुका है। सूचना के बाद एसडीएम मनोज चौरसिया भी लोगों को समझाइश देने के लिए पहुंच चुके हैं। समाज के लोगों ने मांग की है कि इस तरह की हरकत करने वालों आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए।
भीम आर्मी के लोगों का कहना है कि जिले में लगातार डॉ अंबेडकर की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त किया जा रहा है, लेकिन प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। बता दें कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इसके पहले भी 4 अक्टूबर को बांदरी में भी असामाजिक तत्वों ने डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया था। इस घटना को लेकर समाज के लोगों ने हाइवे पर चक्काजाम लगा दिया था।