सागर- रेलवे गेट पार करते समय पलटी ट्रेक्टर ट्रॉली, करीब 1 घंटे प्रभावित रहा यातायात SAGAR TV NEWS
48 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला रेलवे ओवरब्रिज 6 साल बाद भी नहीं बन पाया है। हद तो ये है कि निर्माण कार्य ही बंद पड़ा हुआ है। लिहाजा इसके न बनने से लगातार हादसे सामने आ रहे हैं। सागर के जरुआखेड़ा में बीच रेलवे ट्रैक पर भूसे से भरा हुआ ट्रेक्टर ट्रॉली पलट गई। ये पूरी घटना 11 नंबर रेलवे फाटक से सामने आई है।
बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब 8 बजे खुरई से सोयाबीन का भूसा भरकर आ रहा ट्रैक्टर ट्राली समेत गेट पार करते समय डाउन ट्रैक पर पलट गया। जिसके कारण कुछ देर के लिए डाउन ट्रैक खुरई से सागर जाने वाली लाइन का यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ। 11 नंबर गेट पर तैनात गेटमैन ऊधम रैकवार से मिली जानकारी के मुताबिक जैसे ही उसने गेट खोले तो लोग वाहन निकालने लगे, पीछे से भूसा से भरा ट्रैक्टर ट्राली डाउन लाइन पर आया और असंतुलन होकर पलट गया।
बताया गया कि ट्रैक्टर चालक रूपेश प्रजापति खुरई भूसा मंडी से सोयाबीन का भूसा घर के जानवरों को खाने के लिए खरीद कर सागर गल्ला मंडी ले जा रहा था, चढ़ाई होने के कारण ट्रैक्टर पलट गया। और भूसा ट्रैक पर फैल गया।
गेटमैन ने इस घटना की सूचना स्टेशन प्रबंधक जरूआखेड़ा को दी, जिससे करीब 45 मिनट तक रेलवे ट्रैक यातायात बंद रहा, सूचना मिलते ही रेलवे के पी डब्लू आई प्रमोद कुमार, महेश साहू अन्य रेलवे कर्मचारियों के साथ जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचे। जहां जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर-ट्राली को सीधा कर वहां से हटाया। इसके बाद यातायात शुरू किया गया।