सागर- सीएम बनने के बाद पहली बार खुरई आएंगे डॉ. मोहन यादव, 8 जनवरी को
मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार खुरई आ रहे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 8 जनवरी को बुंदेलखंडी अंदाज में भव्य स्वागत किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री खुरई विधानसभा क्षेत्र को करीब 500 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे। वे एक साथ कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री के इस ऐतिहासिक दौरे को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है, वहीं तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू हो चुकी हैं। सागर जिले के खुरई में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगमन को लेकर पूर्व गृह मंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह लगातार बैठकें कर रहे हैं। इसी क्रम में जनपद कार्यालय के सभा कक्ष में सभी विभागों के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक भूपेन्द्र सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के आगमन से पहले सभी निर्माणाधीन कार्य पूर्ण किए जाएं और जो कार्य भूमिपूजन योग्य हैं, उनकी सूची तैयार कर एसडीएम को समय पर भेजी जाए, ताकि एक ही मंच से लगभग 500 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कराया जा सके।
इसके बाद नगरपालिका परिषद में नगर पालिका अधिकारियों और पार्षदों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी पार्षदों को अपने-अपने वार्डों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक संख्या में नागरिकों और हितग्राहियों को कार्यक्रम स्थल तक लाने के निर्देश दिए गए। विधायक ने कहा कि यह आयोजन खुरई के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा, इसलिए इसमें जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर वार्डों और ग्रामीण क्षेत्रों में होर्डिंग लगाने और दीवार लेखन के माध्यम से प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए गए हैं। जानकारी देते हुए विधायक भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर मंडी परिसर के पास बनाए जा रहे हेलीपैड पर उतरेगा। इसके बाद नगर में भव्य रोड शो आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री का मुख्य कार्यक्रम स्टेशन रोड स्थित नेहरू स्टेडियम में आयोजित होगा, जहां विशाल जनसभा को संबोधित किया जाएगा। भूपेन्द्र सिंह, विधायक खुरई ने बताया कि मुख्यमंत्री के इस दौरे से खुरई को नई विकास गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, वहीं जनता भी 8 जनवरी का बेसब्री से इंतजार कर रही है।