Sagar- मुनीम से 14 लाख लूट के आरोपी नेपाल से दबोचे, एक फोन कॉल ने खोला राज |SAGAR TV NEWS|
सागर में गल्ला व्यापारी के मुनीम के साथ लूट करने वाले फरार आरोपियों को आखिरकार पुलिस ने पकड़ लिया है, एक हफ्ते से चकमा दे रहे आरोपी नेपाल के काठमांडू से पकड़े गए है, ये दोनों युवक काठमांडू में स्थित एक धर्मशाला में रुके हुए थे, पुलिस ने मुख्य आरोपी धर्मेंद्र पिता वीर सिंह ठाकुर निवासी सेमराकलां और कुलदीप सिंह दांगी निवासी पिपरिया बिलहरा को गिरफ्तार किया। पुलिस इन्हे पकड़कर सागर लाइ और उनसे थाना में पूछतांछ की जा रही है,
पुलिस के अनुसार, गल्ला व्यापारी पंकज केशरवानी की पंकज ट्रेडर्स के नाम से मंडी में दुकान है। वे अनाज खरीदने का काम करते हैं। 15 दिसंबर को उनका मुनीम सुधीर दीक्षित भगवानगंज स्थित एसबीआई बैंक शाखा से पैसे निकालने गया था। बैंक से पैसे निकालने के बाद वह वापस मंडी लौट रहे थे। तभी मंडी से कुछ ही दूरी पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।
आंखों पर मिर्ची पाउडर मारा और डंडे से हमला कर दिया। इसी दौरान बदमाश 14 लाख रुपए से भरा बैग छीनकर भाग निकले। घटना देख लोगों ने बदमाशों का पीछा किया। इसी दौरान आरोपी भूपेंद्र सिंह ठाकुर निवासी बम्होरी रेंगुवा को बाइक समेत लोगों ने धरदबोचा।
जबकि फरार हुए दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 70 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। बैंक से लेकर वारदात स्थल, सीहोरा रोड, राहतगढ़, भोपाल समेत अन्य स्थानों पर कैमरों में आरोपी नजर आए। आरोपी सागर से बस में बैठक भोपाल पहुंचे थे। भोपाल से ट्रेन में सवार हुए और दिल्ली पहुंचे। दिल्ली से बस में बैठकर नेपाल के काठमांडू पहुंचे थे।
इसी दौरान भोपाल से आरोपी धर्मेंद्र ने राह चलते व्यक्ति को फोन लेकर परिवार के सदस्य को फोन लगाया था। मामले में लोकेशन मिलते ही पुलिस ने आरोपियों का पीछा किया। तीन पुलिस टीमें बनाकर भोपाल, दिल्ली और नेपाल रवाना की थी
मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि लूट के मामले में फरार आरोपियों को नेपाल से गिरफ्तार किया है। अब तक 6 लाख रुपए से अधिक की राशि बरामद कर ली गई है। अन्य राशि को लेकर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मामले में आरोपियों को देसी कट्टा देने वाले, लूट के पैसे अपने पास रखने वालों को भी आरोपी बनाया जाएगा