Sagar - सात घंटे में 150 युवक-युवतियों ने दिया परिचय, ईको फ्रेंडली आयोजन में दिखा पर्यावरण संरक्षण
सागर में जिला क्षत्रिय कुशवाहा समाज का युवक-युवती परिचय सम्मेलन रविवार को पदमाकर सभागार मोतीनगर में हुआ। आयोजन में समिति ने अनोखी पहल की। कार्यक्रम में जीवनसाथी की खोज में आए युवक-युवतियों को न केवल घर के बाहर दो पौधे रोपने की शपथ दिलाई गई, बल्कि परिचय देने के बाद एक पौधा आयोजकों की ओर से उपहार स्वरूप भेंट किया गया। कार्यक्रम में 7 घंटे के दौरान 150 युवक-युवतियों ने परिचय दिया। इनमें ज्यादातर उच्च शिक्षित वर्ग से इंजीनियर, प्राइवेट फर्मों के कर्मचारी, किसान, वकील, शिक्षक, नर्सिंग सेक्टर और कंप्यूटर ऑपरेटर शामिल हैं। सभी युवाओं को समाज में मान-प्रतिष्ठा बढ़ाने वाले जीवन साथी की तलाश थी।
सम्मेलन आयोजन का उद्देश्य सामाजिक एकता को मजबूत करना, वैवाहिक संबंधों के लिए उपयुक्त मंच प्रदान करना और समाज में सकारात्मक संदेश देना था। आयोजन को मनोरंजक बनाने के लिए परिचय के दौरान समाज के युवाओं और बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का प्रदर्शन भी किया। आयोजन को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त रखा गया। ताकि पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज में जाए। साथ ही आधुनिक तकनीक के सकारात्मक उपयोग पर भी जोर दिया गया। युवक-युवतियों ने मंच से अपना परिचय दिया, जिसमें शिक्षा, रोजगार और पारिवारिक जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम को लेकर छावनी परिषद की पूर्व उपाध्यक्ष पूनम पटेल ने बताया कि कार्यक्रम में आयोजित भोजन में समाज के 4500 लोगों को डिस्पोजल के बजाय थाली में भोजन कराया गया। साथ ही आयोजन में समाजजनों एवं युवक-युवतियों से प्लास्टिक का उपयोग कम कर प्लास्टिक मुक्त जीवन शैली अपनाने का आह्वान किया। अध्यक्ष प्रदीप पटेल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और समाज की सहभागिता से ही हरित भविष्य संभव है। पूनम पटेल ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण ही जीवन का संरक्षण है। प्लास्टिक का त्याग कर पौधरोपण को जीवन का संकल्प बनाएं, तभी समाज और भविष्य दोनों सुरक्षित रहेंगे।