महिला ने एक साथ चार बच्चों को दिया जन्म, इलाके में खुशी की लहर
एमपी के छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव से एक बेहद दुर्लभ और खुशी से भर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने न सिर्फ स्वास्थ्य विभाग बल्कि पूरे इलाके को चौंका दिया है। बरेलीपार निवासी 28 वर्षीय महिला कुन्नू इवनाती ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया है, जिनमें एक बेटा और तीन बेटियाँ शामिल हैं। एक साथ चार शिशुओं का सुरक्षित जन्म होना चिकित्सा विज्ञान में भी कम ही देखने को मिलता है, जिससे यह घटना खास बन गई है। यह प्रसव जुन्नारदेव सिविल अस्पताल में हुआ, जहां महिला को सुरक्षित तरीके से डिलीवरी कराई गई। जैसे ही अस्पताल प्रशासन को एक साथ चार बच्चों के जन्म की जानकारी मिली, पूरे अस्पताल में उत्साह का माहौल बन गया। नर्सिंग स्टाफ और डॉक्टरों ने तत्परता दिखाते हुए नवजातों की स्थिति पर लगातार नजर रखी।
प्रसव के तुरंत बाद बेहतर इलाज और विशेष निगरानी के लिए चारों नवजातों को 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल छिंदवाड़ा रेफर किया गया। वर्तमान में तीनों बेटियाँ खतरे से बाहर बताई जा रही हैं, जबकि नवजात बेटे की हालत नाजुक बनी हुई है। उसे डॉक्टरों की विशेष निगरानी में रखा गया है और आवश्यक चिकित्सा सुविधा दी जा रही है। ड्यूटी पर तैनात नर्स पूजा सोनी ने बताया कि यह उनके करियर का बेहद दुर्लभ और यादगार प्रसव है। अस्पताल स्टाफ ने पूरी सतर्कता और समर्पण के साथ महिला और नवजातों की देखभाल की। वहीं बीएमओ डॉ. सुरेश नागवंशी ने बताया कि चार बच्चों का जन्म मेडिकल टीम के लिए भी एक बड़ी चुनौती था, लेकिन समय पर सही निर्णय और टीमवर्क से स्थिति को संभाल लिया गया।
घटना की जानकारी जैसे ही बरेलीपार गांव और आसपास के इलाकों में पहुंची, परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचने लगे। परिवार में जहां एक ओर बेटे के स्वास्थ्य को लेकर चिंता है, वहीं तीन बेटियों के सुरक्षित होने से खुशी का माहौल भी है। ग्रामीणों ने इसे ईश्वर का आशीर्वाद बताते हुए मां और बच्चों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। यह मामला न केवल चिकित्सा क्षेत्र की सफलता को दर्शाता है, बल्कि ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं की तत्परता और क्षमता का भी उदाहरण पेश करता है।