सागर- कोहरे की चादर में लिपटा सागर, सुबह 5 से 10 बजे तक दृश्यता प्रभावित, तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
सोमवार की सुबह सागर जिले में मौसम ने अचानक करवट ली। तड़के करीब सुबह 5 बजे से ही शहर और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाने लगा, जिसने पूरे सागर को अपनी आगोश में ले लिया। हालात ऐसे रहे कि सुबह 10 बजे तक शहर कोहरे की चादर में ढका रहा, जिससे आम जनजीवन के साथ-साथ यातायात भी प्रभावित हुआ। सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी नजर आई और दृश्यता काफी कम हो गई। जैसे ही सूरज की किरणें आसमान में दिखाई दीं, वैसे-वैसे कोहरे का असर कम होने लगा। हालांकि कोहरा छंटने के बावजूद दोपहर में भी ठंड का असर बना रहा। मौसम में रोज़ाना हो रहे बदलाव ने लोगों को हैरान कर दिया है। कभी तेज ठंड तो कभी हल्की राहत, यही हाल इन दिनों सागर के मौसम का है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 24 घंटे पहले तक सागर में रात का तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री कम था, लेकिन रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात तापमान में अचानक उछाल आया। इसके चलते सागर प्रदेश के उन टॉप-5 शहरों में शामिल हो गया, जहां न्यूनतम तापमान सबसे ज्यादा दर्ज किया गया। सोमवार को शहर का न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सोमवार सुबह धुंध छाई रही और 11 बजे के बाद आसमान में बादलों ने डेरा डाल लिया, जिससे लोगों को ठंड से थोड़ी राहत जरूर मिली। लेकिन यह राहत ज्यादा देर टिक नहीं पाई। शाम होते ही सर्द हवाओं ने फिर से ठिठुरन बढ़ा दी, जिससे लोग गर्म कपड़ों में लिपटने को मजबूर हो गए।
मौसम विभाग के अनुसार, सागर जिले में कहीं-कहीं मध्यम कोहरे की संभावना बनी हुई है। वहीं सागर संभाग के पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में घने कोहरे की आशंका को देखते हुए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रविवार को सागर का अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में दिन और रात दोनों के तापमान में फिर गिरावट देखने को मिलेगी। अनुमान है कि रात का पारा 9 से 10 डिग्री और दिन का तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। फिलहाल सागर में बदलता मौसम लोगों को सतर्क रहने का संकेत दे रहा है, खासकर सुबह-शाम कोहरे और ठंड को लेकर।