Sagar - पहली बार लगा जैविक बाजार, 2000 रुपए किलो घी, 100 रुपए किलो तक बिके टमाटर, डेढ़ लाख के उत्पाद बिके
सागर के पीटीसी ग्राउंड में पहली बार जैविक हाट बाजार पर लगा। अब हर रविवार को इसका आयोजन किया जाएगा, इसमें जिले के सभी विकासखंड से किसान अपने जैविक व प्राकृतिक सब्जी, फल, अनाज, घी, तेल, मसाले आदि लेकर आए। सुबह 10 बजे से शुरू हुआ बाजार शाम 4 बजे तक चला। पहली बार लगे इस बाजार में कम लोगों को जानकारी होने के बावजूद खूब खरीददारी हुई। लोगों ने जैविक उत्पादों की पौष्टिकता व रसायन मुक्त होने के कारण खरीदारी में खूब उत्साह दिखाया।
देशी घी 2000 रुपए, मावा 800 रुपए किलो तक बिका। इसी तरह 100 रुपए किलो टमाटर भी रहे। हालांकि ज्यादा कीमत वाले घी, तेल, मावा जैसे उत्पाद कम बिके, लेकिन उम्मीद की जा रही है अगली बार से इन उत्पादों की बिक्री में तेजी के साथ सब्जी, फल आदि की बिक्री दोगुना हो सकती है। पहली बार लगे इस बाजार में रविवार को करीब 312 लोगों ने जैविक उत्पादों सब्जी, फल की खरीदारी की। बेचने आए किसानों के मुताबिक बेचे गए उत्पाद की कीमत करीब 52 हजार रही। कुछ सब्जियां, फल तो पूरी तरह खत्म हो गए। खरीदारी और ज्यादा हो सकती है लेकिन उद्द्घाटन आदि की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद किसान घर जाने की तैयारी करने लगे और बाजार समेटा जाने लगा।