Sagar - मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार खुरई आएंगे डॉक्टर मोहन यादव, 500 करोड़ के कार्यों का करेंगे लोकार्पण
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव 8 जनवरी को सागर जिले की खुरई आएंगे। मुख्यमंत्री बनने के बाद डॉ. मोहन यादव का यह पहला खुरई विधानसभा क्षेत्र का दौरा है। खुरई में करीब दो साल बाद कोई मुख्यमंत्री पहुंच रहा है, इसके पहले पिछले साल भी मुख्यमंत्री मोहन यादव को डोहेला महोत्सव के लिए आमंत्रित किया गया था लेकिन अचानक प्रस्तावित कार्यक्रम में बदलाव होने की वजह से उनका खुरई द्वारा स्थगित कर दिया गया था और अब करीब 1 साल बाद फिर मुख्यमंत्री का आने का कार्यक्रम बना है इसको लेकर प्रशासन और भाजपा दोनों ने अपने-अपने स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है
पूर्व गृहमंत्री खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह ने बताया है कि मुख्यमंत्री खुरई में विधानसभा क्षेत्र में कराए गए लगभग 500 करोड़ रुपए की लागत के निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इनमें सांदीपनी विद्यालय सहित अन्य निर्माण व विकास कार्य शामिल हैं। गौरतलब है कि दो दिन पहले ही पूर्व मंत्री सिंह ने भोपाल में मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी। बतौर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहली बार खुरई आ रहे हैं। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि विधानसभा क्षेत्र को कुछ नए व बड़े काम और मिल सकते हैं। सभा के दौरान कुछ नई मांगे रखी जाती हैं तो उनके संबंध में घोषणाएं हो सकती हैं।