पुलिस केखिलाब शिकायतों की माला पहन घुटनों के बल IG ऑफिस पहुँचा युवक
पुलिस से परेशान एक युवक ने पूरे प्रशासनिक महकमे और आमजन का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। शाजापुर जिले के मुबारिकपुर गांव निवासी दिनेश नामक युवक गले में शिकायतों की माला पहनकर घुटनों के बल चलते हुए एमपी के उज्जैन स्थित आईजी कार्यालय पहुँचा और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई। आईजी कार्यालय के बाहर यह दृश्य देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया। युवक का कहना था कि वह लंबे समय से पुलिस की यातना झेल रहा है, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। इसी हताशा और दर्द के चलते उसने यह प्रतीकात्मक विरोध चुना, ताकि उसकी आवाज प्रशासन के उच्च स्तर तक पहुंच सके।
पीड़ित युवक दिनेश के अनुसार, अवंतिपुर बड़ोदिया थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों ने उसे चोरी के एक झूठे मामले में फंसाने का आरोप लगाकर उस पर पैसों की मांग का दबाव बनाया। दिनेश का कहना है कि उससे जबरन रुपये ऐंठने की कोशिश की जा रही है और इंकार करने पर उसे झूठे केस में फंसाने की धमकियां दी गईं। दिनेश ने बताया कि उसने इस मामले की शिकायत मंत्री से लेकर संतरी तक, कई स्तरों पर की, लेकिन अब तक कहीं से भी न्याय नहीं मिला। लगातार अनसुनी शिकायतों से टूट चुके युवक ने अंततः यह कठोर कदम उठाने का फैसला किया और उज्जैन आकर आईजी कार्यालय के सामने अपनी पीड़ा सार्वजनिक की।
आईजी कार्यालय पहुंचने पर सहायक पुलिस महानिरीक्षक पार्वती कनेश ने युवक की शिकायत को गंभीरता से सुना। उन्होंने पीड़ित को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और यदि किसी भी स्तर पर पुलिसकर्मियों की गलती पाई जाती है, तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली और आम नागरिकों की शिकायतों पर सुनवाई को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, दिनेश का यह विरोध अब प्रशासन के लिए एक बड़ी परीक्षा बन गया है कि क्या उसे वास्तव में न्याय मिल पाएगा या नहीं।