गार्ड–कैमरों को चकमा देकर नकाबपोशों ने ठेकेदार के घर उड़ाए 20 लाख, पॉश कॉलोनी में लाखों की सेंध
शहर की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली पॉश कॉलोनियों में शामिल एमपी के उज्जैन की अमरनाथ एवेन्यू में सुरक्षा व्यवस्था उस वक्त सवालों के घेरे में आ गई, जब नकाबपोश चोरों ने गार्ड और सीसीटीवी कैमरों के बीच बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। मंगलवार–बुधवार की दरमियानी रात चार शातिर बदमाशों ने ठेकेदार आनंद गोयल के सूने मकान में घुसकर लाखों की नकदी और कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के मुताबिक बदमाश कॉलोनी के पीछे स्थित खेत के रास्ते आए और बाउंड्रीवॉल फांदकर अंदर दाखिल हुए।
इसके बाद उन्होंने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर में घुसकर अलमारियों को खंगाल डाला। चोरों ने करीब 20 लाख रुपये की नकदी और सोने–चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश सबूत मिटाने के इरादे से घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी उखाड़कर अपने साथ ले गए।
यह मकान ठेकेदार आनंद गोयल ने करीब छह माह पहले ही खरीदा था, जिसमें उनके माता–पिता पुरुषोत्तम गोयल और उनकी पत्नी निवास करते हैं। दो दिन पहले ही वे घर पर ताला लगाकर बसंत विहार में अपनी बेटी के यहां गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सूनेपन का फायदा उठाकर पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम दिया। चोरी के तरीके से यह साफ होता है कि बदमाशों ने पहले से घर की रेकी कर रखी थी। गौर करने वाली बात यह है कि करीब 15 दिन पहले भी कॉलोनी के पीछे एक तबेले से लोहे की सीढ़ी चोरी हुई थी, जो बाद में मंदिर के पीछे झाड़ियों में मिली थी। तब रहवासियों ने बाउंड्रीवॉल के जरिए घुसपैठ की आशंका जताई थी, लेकिन सुरक्षा के इंतजाम और सख्त नहीं किए गए।
सूचना मिलते ही नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल और डॉग स्क्वाड की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस परिवार से चोरी गई संपत्ति का विस्तृत विवरण ले रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शुरुआती जांच में यह शहर की बड़ी चोरियों में से एक मानी जा रही है, जिसने पॉश कॉलोनियों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।