इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर प्रशासन ने अवैध विस्फोटक सामग्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध पटाखा एवं बम निर्माण फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है। कलेक्टर के निर्देशानुसार एडीएम रोशन राय के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने हातोद क्षेत्र में राहुल अग्रवाल के नाम से संचालित अवैध फैक्ट्री पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान मौके से करीब 100 किलो बारूद और गिट्टी बम बनाने की सामग्री बरामद की गई। इसके अलावा विस्फोटक सामग्री के परिवहन में उपयोग किए जा रहे दो लोडिंग ऑटो भी जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस के अवैध रूप से बम और पटाखों का निर्माण कर रहा था, जो आमजन की सुरक्षा के लिए बेहद खतरनाक था।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, फैक्ट्री घनी आबादी वाले क्षेत्र के पास संचालित की जा रही थी। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। मौके से विस्फोटक सामग्री जब्त कर आरोपी राहुल अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एडीएम रोशन राय ने बताया कि आरोपी किन-किन लोगों को यह विस्फोटक सामग्री सप्लाई करता था, इसकी भी विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम आरोपी के नेटवर्क को खंगाल रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों को भी चिन्हित कर कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध विस्फोटक, पटाखा निर्माण और भंडारण पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। भविष्य में भी इस तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।