Sagar - प्रतिभा सिंह ने शूटिंग में रचा इतिहास, नेशनल टीम में चयनित होने वाली जिले की पहली महिला बनी
सागर जिले की प्रतिभाशाली खिलाड़ी प्रतिभा सिंह ने दिल्ली में आयोजित 68 वीं नेशनल पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर नेशनल टीम में जगह बनाई है। साथ ही उनका चयन इंडिया टीम ग्रुप बी में हुआ है। पिस्टल शूटिंग में यह पहली बार है, जब सागर जिले की किसी महिला ने राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई हो। प्रतिभा सिंह ने बताया कि उनका यह सफर बिल्कुल भी आसान नहीं रहा।
उन्होंने नवंबर 2022 में डिस्ट्रिक्ट शूटिंग अकादमी में शूटिंग की शुरुआत की थी। कोच डॉ. एजाज मोहम्मद खान का मार्गदर्शन मिला। निरंतर अभ्यास और अनुशासन के बल पर उन्होंने स्टेट और प्री-स्टेट प्रतियोगिताओं में सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीतकर सागर शहर का नाम रोशन किया। खेल जीवन में प्रतिभा सिंह ने कई बार जीत और हार का सामना किया, लेकिन धैर्य, आत्मविश्वास और कठिन परिश्रम के साथ वे लगातार आगे बढ़ती रहीं। उनके पति डॉ. अजय सिंह बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में पदस्थ हैं।
डॉ. अजय सिंह ने बताया कि प्रतिभा का इंडिया टीम में चयन सागर शहर के लिए अत्यंत गर्व की बात है। दो बच्चों की मां होने के बावजूद उन्होंने परिवार और खेल दोनों के बीच समन्वय बनाया। इस उपलब्धि के साथ प्रतिभा ने यह साबित कर दिया है कि संकल्प और मेहनत से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं। वे आज न केवल एक सफल खिलाड़ी है, बल्कि समाज के लिए प्रेरणास्रोत भी हैं।