सागर- राजमंदिर पर फिर चोरों का हमला! चार साल बाद दोबारा मंदिर में सेंध, ग्रामीणों में फूटा आक्रोश
सागर जिले के खुरई में चोरी की घटनाएँ थमने का नाम नहीं ले रही हैं। नरोदा गांव के राजमंदिर में एक बार फिर चोरों ने धावा बोला है। चार साल पहले इसी मंदिर से भगवान की मूर्ति और आभूषण चोरी हुए थे… और अब दोबारा चोरी की वारदात ने ग्रामीणों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। खुरई देहात थाना क्षेत्र के नरोदा गांव का राजमंदिर… जहां पिछले कुछ समय से चोरों के निशाने पर धार्मिक स्थल बने हुए हैं। 25 फरवरी 2021 को इसी मंदिर से भगवान की मूर्ति और पूरे आभूषण चोरी हो गए थे। मामले की जांच उस समय भी लंबे समय तक चली, लेकिन आज तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिला।
और अब, चार साल बाद… फिर उसी मंदिर में चोरी। इस बार चोर बजरंगबली मंदिर में घुसे और हनुमान जी का मुकुट चोरी कर ले गए। बताया जा रहा है कि चोर किसी की आहट सुनकर घबरा गए और बाकी सामान छोड़कर मौके से फरार हो गए। अन्यथा नुकसान और बड़ा हो सकता था। घटना का पता चलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार मंदिर को निशाना बनाया जाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। लोगों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के कारण चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं।
घटना से गुस्साए ग्रामीणों का एक बड़ा दल पूर्व गृहमंत्री और खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि अगर समय रहते सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई तो इस तरह की वारदातों में और इज़ाफ़ा होगा। उधर पुलिस ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी, स्थानीय संदिग्धों और पुरानी घटना की फाइल को भी फिर से खंगाला जा रहा है, ताकि चोरों तक पहुंचा जा सके।