बिगड़ती यातायात व्यवस्था पर सख्त पुलिस! जल्द चलेगा विशेष अभियान, एएसपी ने खुद किया सड़क पर मुआयना
एमपी के उज्जैन शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या को लेकर प्रशासन अब एक्शन मोड में दिखाई दे रहा है। शहर की अव्यवस्थित यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए यातायात पुलिस जल्द ही एक विशेष अभियान शुरू करने जा रही है। इसके लिए बुधवार को पुलिस अधिकारियों ने शहर के प्रमुख इलाकों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया और स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
महाकाल लोक के निर्माण के बाद उज्जैन में प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। बढ़ती भीड़ के साथ शहर की सड़कें भी दबाव झेल रही हैं। वहीं दूसरी ओर, स्थानीय वाहन चालकों द्वारा यातायात नियमों की अनदेखी भी ट्रैफिक जाम का मुख्य कारण बन रही है। खासकर पीक आवर्स में फ्रीगंज, हरिफाटक, देवास रोड और महाकाल क्षेत्र में वाहनों की कतारें लग जाती हैं।
इसी व्यवस्था को सुधारने के लिए आज एएसपी आलोक शर्मा ने यातायात पुलिस टीम के साथ शहर का दौरा किया। फ्रीगंज ओवरब्रिज से लेकर शहर के कई व्यस्त रास्तों तक, अधिकारियों ने करीब से ट्रैफिक की स्थिति देखी और उन प्रमुख स्थानों को चिन्हित किया, जहां जाम की समस्या सबसे ज्यादा रहती है।
एएसपी ने मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बताया जा रहा है कि शहर के इन चिन्हित पॉइंट्स पर जल्द ही अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। वहीं नियम तोड़ने वालों पर अब सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। विशेष अभियान में बिना हेलमेट, गलत पार्किंग, वन-वे उल्लंघन और बिना सीट बेल्ट चलाने पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा।
एएसपी आलोक शर्मा ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करना प्राथमिकता है। सड़क पर उतरकर टीम ने कई स्थानों को चिह्नित किया है। आने वाले दिनों में ट्रैफिक सुधार के लिए बड़े स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।