कार से चल रहा था बड़ी सप्लाई का खेल! सात पेटी अवैध शराब जब्त |SAGAR TV NEWS|
अवैध शराब तस्करी का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने रात में नाकाबंदी के दौरान एक कार से 7 पेटी अवैध शराब जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर एक तस्कर मौके से भाग निकला। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है। एमपी के सागर संभाग के दमोह जिले के पथरिया थाना पुलिस ने बुधवार देर रात लखरौनी–पथरिया रोड पर नाकाबंदी की थी। इसी दौरान एक स्विफ्ट डिज़ायर कार (MP-15 ZA 0818) को रोककर तलाशी ली गई। कार की पिछली सीट और सीटों के नीचे शराब की पेटियां भरी मिलीं। थाना प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि उन्हें पहले से सूचना मिली थी कि एक कार लखरौनी की तरफ से भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर पथरिया आ रही है। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेहास्पद वाहन को रोका।
तलाशी में कार से 7 पेटी लाल मदिरा बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹33,000 बताई जा रही है। कार भी जब्त कर ली गई है। कार में मौजूद दो आरोपियों में से सागर निवासी प्रशांत अठ्या को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है और शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। थाना प्रभारी का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।