मुफ्त बांटे 100 से ज्यादा हेलमेट, बिना हेलमेट वालों पर कार्रवाई, सड़क सुरक्षा की मुहिम तेज !
एमपी के सागर संभाग के दमोह जिले में बढ़ते सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सड़क सुरक्षा अभियान को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में सोमवार शाम पथरिया पहुंचे पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए चालानी कार्यवाही की। साथ ही जरूरतमंद वाहन चालकों को निःशुल्क हेलमेट वितरित कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि इस अभियान का उद्देश्य सिर्फ चालान करना नहीं, बल्कि लोगों में हेलमेट पहनने की आदत विकसित करना है। उन्होंने बताया कि बाइक चलाते समय आगे बैठा चालक ही नहीं, बल्कि पीछे बैठा पिलियन राइडर भी हेलमेट अवश्य पहने। सड़क हादसों में गंभीर चोटों और मौतों को रोकने का सबसे कारगर तरीका हेलमेट ही है।
पथरिया में एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी, थाना प्रभारी अमित मिश्रा और पुलिस बल ने नगर में पैदल भ्रमण कर लोगों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ट्रैफिक नियमों के महत्व को समझाया, सड़क किनारे अतिक्रमण न करने की अपील की और सुरक्षित ड्राइविंग के संदेश को दोहराया। हेलमेट वितरण कार्यक्रम में लगभग 100 लोगों को हेलमेट बांटे गए, जिनमें कई को मुफ्त हेलमेट दिए गए, जबकि कुछ लोगों पर चालानी कार्रवाई के बाद हेलमेट वितरित किए गए।
एसपी ने बताया कि अभियान के पहले चरण में एक हजार हेलमेट बांटने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग की ओर प्रेरित किया जा सके। उन्होंने कहा— “एक हेलमेट सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे परिवार की जान बचाता है।” दमोह पुलिस की इस पहल को लेकर लोगों में भी उत्साह देखा गया, कई लोगों ने हेलमेट पहनने का संकल्प लिया।