Sagar - भाजपा नेता के भतीजे को ठिकाने लगाकर बारात में नाचते रहे आरोपी, पुलिस ने किया खुलासा
सागर जिले के खिमलासा थाना क्षेत्र में भाजपा नेता के भतीजे के मर्डर के मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है मामूली सी बात को लेकर आरोपियों और मृतक के बीच गाड़ी ओवरटेक करने को लेकर बहस हुई थी इसके बाद चार आरोपियों ने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया था
बता दें कि गुनगी टोला गांव में कमल की बेटी की शादी में बारात में सागर के बाघराज वार्ड से आए प्रेम नट ने अपने तीन साथियों के साथ प्रमोद का मर्डर किया था, खिमलासा पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से पुलिस ने घटना में प्रयोग किया चाकू और बाइक भी बरामद कर ली है।
खिमलासा थाना प्रभारी राधेश्याम पटेल ने बताया कि सागर बाघराज वार्ड किशोर न्यायालय के पास रहने वाले आरोपी प्रेम पिता सुनील नट, नरेश पिता निर्भय नट अपने-अपने दो नाबालिग साथियों के साथ गुनगी टोला बारात में आए थे। चारों मोटर साइकिल एमपी 15 एमके 1917 से गुनगी जा रहे थे। वह बसाहारी टोला में शराब लेने गए थे। इसी दौरान प्रमोद राजपूत और राहुल खुरैया के साथ उनकी बहस हो गई।
आरोपी प्रेम नट ने जैसे ही चाकू निकाला राहुल डरकर भाग गया। इसी दौरान आरोपियों ने मारपीट कर चाकू प्रमोद के सीने में घोंप दिया। इसकी वजह से उसकी जान चली गई। घटना करने के बाद आरोपी बारात में शामिल होने गए और बीना में ही घूमते रहे। इसकी जांच में जुटी पुलिस को बाइक का नंबर मिलने पर पुलिस ने आरोपियों की लोकेशन लेनी शुरू कर दी। गुनगी टोला गांव से पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर सख्ती पूछताछ की। इसके बाद आरोपियों की लोकेशन मिल गई। पुलिस ने देररात आरोपियों को बसाहारी गुनगी टोला मार्ग से गिरफ्तार कर लिया है।