एक साथ लापता हुई 3 नाबालिग छात्राएं, स्कूल नहीं पहुँचीं, पुलिस और परिजनों में हड़कंप |SAGAR TV NEWS|
एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। नगर से तीन नाबालिग बालिकाएं अचानक लापता हो गईं। स्कूल के लिए घर से निकली तीनों छात्राएं स्कूल पहुँची ही नहीं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और पुलिस दोनों बच्चियों की तलाश में जुट गए हैं। एमपी के सागर संभाग के दमोह जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र से शनिवार की सुबह सरदार पटेल शासकीय स्कूल में कक्षा 9वीं में पढ़ने वाली तीन नाबालिग छात्राएं रोज़ की तरह घर से स्कूल के लिए निकलीं। लेकिन जब वे स्कूल नहीं पहुँचीं तो शिक्षकों ने तुरंत परिजनों को इसकी सूचना दी। परिजन घबरा उठे और देर शाम तक खोजबीन करने के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जांच में यह बात सामने आई कि तीनों बालिकाएं स्कूल नहीं गईं बल्कि उनमें से एक बालिका के घर पहुंची थीं। यहां उन्होंने स्कूल यूनिफॉर्म बदलकर सामान्य कपड़े पहने। इसके बाद तीनों अचानक गायब हो गईं और उनकी कोई जानकारी उपलब्ध नहीं हुई। पुलिस को प्रारंभिक जांच में यह शक हुआ कि बालिकाएं ट्रेन से कहीं बाहर गई हो सकती हैं। इसके बाद देर रात तक पुलिस ने रेलवे स्टेशन और शहर के कई स्थानों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली। पुलिस टीम ने लगातार मूवमेंट ट्रैक करने की कोशिश की, ताकि किसी सुराग तक पहुंचा जा सके।
रविवार सुबह एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस के हाथ इस मामले में महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं। तीनों नाबालिग बालिकाएं हटा निवासी एक युवक के साथ अंतिम बार देखी गईं। यह युवक दिल्ली और हरियाणा में मजदूरी करता था। साथ ही यह भी पुष्टि हुई है कि बालिकाओं से उसके मोबाइल पर संपर्क में रहने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस टीम संदिग्ध युवक की तलाश कर रही है और संभावित रूट्स एवं लोकेशन्स पर लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है। परिजन भी बेहद चिंतित हैं और बच्चियों के सुरक्षित लौटने की दुआ कर रहे हैं।