सागर- 20 सेकंड का कमाल! IMA डॉक्टर्स का संदेश, हाथ धोएं, बीमारियां रोकें, जान बचाएं!” |SAGAR TV NEWS
सागर में विश्व हाथ धुलाई सप्ताह के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) सागर शाखा और जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राहतगढ़ में एक दिवसीय मेगा जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जनता को बुनियादी स्वच्छता और सही हाथ धुलाई के महत्व से अवगत कराने के उद्देश्य से किया गया था।शिविर में मौजूद विशेषज्ञ डॉक्टरों ने कहा कि सिर्फ 20 सेकंड की सही हाथ धुलाई कई घातक बीमारियों को रोकने में सक्षम है। मेडिकल स्पेशलिस्ट डॉ. जितेंद्र सराफ ने बताया कि साबुन और पानी से हाथ धोना रोगों से बचाव का सबसे सरल लेकिन सबसे अचूक उपाय है। उन्होंने कहा कि नियमित हाथ धुलाई से दस्त, फ्लू, सर्दी-जुकाम और कई तरह के संक्रमणों का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है।
IMA सागर के अध्यक्ष डॉ. तलहा साद ने बताया कि विश्वभर में होने वाली लाखों मौतें सिर्फ नियमित हाथ धोने से रोकी जा सकती हैं। दस्त के मामलों में 40% तक और निमोनिया में 20% से अधिक कमी आ सकती है। उन्होंने कहा कि हाथ धुलाई की प्रक्रिया कम से कम 20 सेकंड तक होनी चाहिए और जहां पानी न हो, वहां अल्कोहल आधारित हैंड सैनिटाइज़र प्रभावी विकल्प है। क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य, सागर डॉ. नीना गिडियन ने लोगों को चार स्वच्छता आदतें अपनाने पर जोर दिया— खाना खाने से पहले और हाथ गंदे होने पर हाथ अवश्य धोएं। खांसते समय हाथ का उपयोग न करें। छींकते समय हाथ न लगाएं। आंख, नाक और मुंह में उंगलियां न डालें।
उन्होंने बताया कि अनावश्यक एंटीबायोटिक सेवन से एंटीबायोटिक रेसिस्टेंस बढ़ता है, जबकि नियमित हाथ धुलाई इस समस्या को काफी हद तक रोक सकती है। एक सर्वे में पाया गया कि सार्वजनिक शौचालय के बाद केवल 31% पुरुष और 65% महिलाएं ही हाथ धोते हैं—जो बेहद चिंताजनक आंकड़ा है। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे नर्सिंग स्टाफ, आशा वर्कर्स और आमजन ने जागरूकता सत्र को बेहद सफल बनाया। IMA सागर ने सभी नागरिकों से हाथ धुलाई को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।