Sagar-कन्या छात्रावास में अव्यवस्था का विस्फोट ! कलेक्टर की अचानक एंट्री, अधीक्षिका पर गंभीर आरोप
खबर सागर जिले के रहली से है, जहाँ शासकीय अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास का एक गंभीर मामला सामने आया है। छात्रावास में रह रही छात्राओं ने अव्यवस्था, शोषण और बदसलूकी के बड़े आरोप लगाए हैं। छात्राओं का आरोप है कि प्रभारी अधीक्षिका उनसे जबरन छात्रावास में झाड़ू लगवाती हैं, सफाई कराती हैं और खाने में जली हुई रोटियाँ तथा पानी जैसी पतली सब्जी परोसी जाती है।
मामला मीडिया में उजागर होते ही हड़कंप मच गया। आज खुद सागर कलेक्टर आर.जी. संदीप अचानक रहली पहुंचे और छात्रावास का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छात्राओं ने कलेक्टर से सीधे अपनी समस्याएँ बताईं, जिससे पूरा मामला और गंभीर हो गया।
कलेक्टर ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि उन्हें छात्रावास में बदहाल व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता और प्रभारी के अनुचित व्यवहार की शिकायतें मिली हैं। उन्होंने तत्काल कार्रवाई के निर्देश देते हुए बीईओ और एसडीएम को गहन जांच कर कठोर कार्यवाही सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं।
गौर करने वाली बात यह है कि जिस अधीक्षिका पर यह गंभीर आरोप लगे हैं, वे पिछले तीन दशकों से इसी छात्रावास में पदस्थ हैं। और यह पहली बार नहीं है — इससे पहले भी कई बार छात्राओं ने अव्यवस्था और मानसिक शोषण की शिकायतें की थीं, लेकिन आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि 30 साल से लगातार आरोपों के बाद भी प्रशासनिक कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या छात्राओं की शिकायतें अनसुनी होती रहीं? हालांकि आज कलेक्टर के अचानक निरीक्षण के बाद छात्रों में उम्मीद जगी है कि इस बार कार्रवाई सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं रहेगी और दोषियों पर सख्त कदम जरूर उठाए जाएंगे।