तेज रफ्तार वाहन ने परिवार को रौंदा, पिता–बेटी की मौत, मां पहुंची अस्पताल |SAGAR TV NEWS|
कटनी जिले में बुधवार देर रात एक ऐसा सड़क हादसा हुआ जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। कुठला थाना क्षेत्र के कैलवारा कला ओवरब्रिज के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे परिवार को बेरहमी से कुचल दिया। हादसे में पिता और 13 साल की बेटी की मौके पर ही गई जान, जबकि मां की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, मृतक राकेश दुबे (40 वर्ष) निवासी झुकेही, अपनी पत्नी चंदा दुबे और बेटी अपर्णा (13 वर्ष) के साथ प्रयागराज जाने के लिए कटनी स्टेशन से ट्रेन पकड़ने निकले थे। परिवार जब NH-30 स्थित कैलवारा कला ओवरब्रिज के पास पहुंचा, तभी सामने से आए तेज रफ्तार वाहन ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी और बिना रुके मौके से फरार हो गया।
हादसा इतना अचानक और भयानक था कि ओवरब्रिज के पास नहर निर्माण कार्य कर रहे मजदूर भी दहशत में आ गए। उन्हें तेज़ धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और वे दौड़कर मौके पर पहुंचे। तुरंत ही 108 एम्बुलेंस और कुठला पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की मदद से तीनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने राकेश और उनकी नाबालिग बेटी अपर्णा को मृत घोषित कर दिया। घायल चंदा दुबे का इलाज जिला अस्पताल में जारी है, हालत गंभीर बताई जा रही है। कुठला पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी वाहन की पहचान हो सके। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।