Sagar - डिस्पोज़ल कप बन रहे खतरा! निगमायुक्त खत्री का सख्त एक्शन, दुकानदारों पर जुर्माना
सागर शहर में डिस्पोज़ल कप, प्लास्टिक ग्लास और अन्य सिंगल यूज़ आइटम न सिर्फ शहर की स्वच्छता को खराब कर रहे हैं बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर डाल रहे हैं। बुधवार सुबह शहर का निरीक्षण करते हुए नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री ने यह बात कही। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की वास्तविक स्थिति को देखा और गंदगी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई कराई।
बस स्टैंड ज़ोन में चाय–नाश्ते की दुकानों के पास बड़ी मात्रा में फेंके गए डिस्पोज़ल कप और प्लास्टिक ग्लास देखकर निगमायुक्त ने तुरंत इन दुकानों का डिस्पोज़ल जब्त करवाया। साथ ही गंदगी फैलाने पर चालानी कार्रवाई करते हुए जुर्माना भी वसूला गया। निगमायुक्त खत्री ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि डिस्पोज़ल और प्लास्टिक आइटम हवा में उड़कर पूरे क्षेत्र में कचरा फैलाते हैं और नालियों में जाकर चोकिंग का कारण बनते हैं। इससे शहर की स्वच्छता गंभीर रूप से प्रभावित होती है। उन्होंने बताया कि रिसर्च के अनुसार गर्म चाय प्लास्टिक को पिघलाती है, जिससे निकले टॉक्सिन्स भविष्य में खतरनाक बीमारियों का कारण बन सकते हैं। इसलिए नागरिकों से अपील की गई कि वे डिस्पोज़ल कप में चाय पीना बंद करें।
उन्होंने बताया कि नागरिकों की सहभागिता और निगम प्रशासन के प्रयासों से सागर ने देश के स्वच्छता सर्वेक्षण में 10वीं रैंक हासिल की है। इस बार लक्ष्य है—नेशनल नंबर 1। इसके लिए निगम की टीमें तीनों पालियों में सफाई कर रही हैं, रोड स्वीपिंग मशीनें लगातार काम कर रही हैं और डोर-टू-डोर कचरा वाहन घर-घर पहुंच रहे हैं। निगमायुक्त ने कहा कि पहले जैसे चीनी मिट्टी, स्टील या कांच के कप में चाय पीने की आदत को फिर से अपनाना जरूरी है। इससे कचरे में कमी और स्वास्थ्य में सुधार दोनों संभव है।
स्वास्थ्य विभाग भी माइक्रोप्लास्टिक के खतरे को लेकर एडवाइजरी जारी कर चुका है। जुर्माना कार्रवाई , फारुख अहमद पर शराब दुकान के पास गंदगी फैलाने व शराब पिलाने पर ₹5000, श्री राम चाय कॉफी सेंटर, बस स्टैंड — डिस्पोज़ल फैलाने पर ₹200, मयूरी होटल, दीनदयाल चौराहा — डिस्पोज़ल रखने पर ₹500, निगमायुक्त ने स्पष्ट कहा— "शहर को साफ रखना प्रशासन और नागरिकों की संयुक्त जिम्मेदारी है। मिलकर आगे बढ़ेंगे तो सागर नंबर 1 जरूर बनेगा।