सागर-केंट पुलिस की कार्रवाई, 5 जगह दबिश, सट्टा बुकिंग कराने वाले धराए, नकदी और पर्ची जब्त
सागर जिले में अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस अधीक्षक विकास कुमार शाहवाल द्वारा जारी निर्देशों का असर दिखने लगा है। इन्हीं निर्देशों के तहत केंट थाना पुलिस ने मंगलवार को अवैध सट्टा कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में पांच अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 5 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सागर के निर्देशन में केंट थाना प्रभारी द्वारा विशेष टीम गठित की गई थी। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर टीम ने सदर कजलीवन मैदान, मढिया विट्ठल नगर और शास्त्री चौक सदर क्षेत्र में एक के बाद एक ताबड़तोड़ कार्रवाई की।
इस दौरान पुलिस ने बाबूलाल अहिरवार 55 , नरेंद्र जाटव 48 साल, युधिष्ठिर उर्फ यधुनंदन घोषी 49 साल, अरविंद लोधी 34 साल और गोलू उर्फ राहुल चौकसे 35 साल को सट्टा बुकिंग करते हुए मौके से हिरासत में ले लिया। उनके कब्जे से सट्टा बुकिंग पर्चियां, मोबाइल रिकॉर्ड और कुल 6,010 रुपए नगद जब्त किए गए। केंट पुलिस ने पाँचों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग पांच प्रकरण दर्ज किए हैं। पुलिस का मानना है कि ये आरोपी लंबे समय से इलाके में अवैध सट्टा नेटवर्क चला रहे थे, जिसकी शिकायतें लगातार मिल रही थीं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, केंट थाने के इस अभियान से क्षेत्र में सट्टा कारोबारियों में हड़कंप मचा है, वहीं आम नागरिकों ने इस कार्रवाई को सराहा है। इस पूरी कार्रवाई में केंट थाना प्रभारी रोहित डोंगरे के नेतृत्व में उनि संजय बमनिया, प्रधान आरक्षक नीरज बांगर, प्यारेलाल, भानु प्रताप चौधरी, श्रीकांत चौबे, वीरेंद्र सिंह, अमन, देवेंद्र, रोहित और दिनेश तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस प्रशासन का कहना है कि सागर जिले में अवैध शराब, सट्टा और जुआ पर सख्त अभियान जारी रहेगा, और ऐसे लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।