Sagar-151 बस ऑपरेटरों को नोटिस जारी, 5 दिसंबर तक नई बसें नहीं आई तो परमिट होंगे निरस्त SAGAR TV NEWS
सागर आरटीओ कार्यालय ने 15 साल पुरानी बसों का लेखा-जोखा तैयार कर लिया है। सागर आरटीओ से जारी हुए परमिट में 209 बसें ऐसी पाई गई थीं, जो 15 साल से ज्यादा पुरानी हैं। ऐसी बसों में 58 बस ऑपरेटर्स पूर्व में पुरानी की जगह अपनी नई बसों को दर्ज करा चुके हैं। 151 बसें वर्तमान में ऐसी हैं, जो 15 साल से पुरानी है और सड़कों पर दौड़ रहीं हैं। ऐसे सभी बस ऑपरेटर्स को सागर आरटीओ की ओर से नोटिस जारी किया गया है और उन्हें 5 दिसंबर तक का समय दिया है यदि इस अवधि में पुरानी बसों को नई बसों से रिप्लेस नहीं किया गया, तो उनके स्थायी परमिट निरस्त कर दिए जाएंगे।
वही परिवहन विभाग ने यात्री और स्कूली बसों के खिलाफ सख्ती दिखाई। बहेरिया तिराहे और दमोह मार्ग पर की गई चेकिंग के दौरान एक 15 साल पुरानी यात्री बस का फिटनेस और पंजीयन निरस्त कर उसे स्क्रैप (कबाड़) करने का आदेश जारी किया गया। वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वाले 16 अन्य वाहनों से 39,500 रुपए का जुर्माना वसूला गया।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी मनोज कुमार तेहनगुरिया ने बताया कि जिले में यात्री बसों, स्कूल बसों और अवैध संचालित वाहनों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत बहेरिया तिराहा और दमोह मार्ग पर 50 से अधिक यात्री और स्कूली वाहनों की जांच की गई।
जांच के दौरान 16 वाहनों में कई तरह की अनियमितताएं पाई गईं। इनमें फर्स्ट एड बॉक्स, रिफ्लेक्टर टेप, वीएलटीडी (VLTD), अग्निशमन यंत्र और एचएसआरपी (HSRP) नंबर प्लेट जैसी कमियां शामिल थीं। इन वाहनों पर मोटरयान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए 39,500 रुपए का चालान काटा गया।