Sagar -खुरई में गूँजा राधे-राधे… गीता जयंती पर निकला भव्य नगर संकीर्तन
सागर जिले के खुरई में गीता जयंती महोत्सव के अवसर पर आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री कृष्ण चैतन्य मंडल के 60वें वार्षिक महोत्सव के तहत रविवार को शहरभर में भव्य नगर संकीर्तन निकाला गया। इस संकीर्तन में बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए और राधे–राधे के भजनों पर झूमते हुए भक्ति रस में सराबोर नजर आए।गीता जयंती पर आयोजित नगर संकीर्तन की शुरुआत ब्रजमोहन मंदिर से हुई।
डोल-नगाड़ों और भजन मंडलियों की धुनों के बीच यात्रा आगे बढ़ी और शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुज़री। संकीर्तन मंडली ललिता शास्त्री स्कूल, पंडित के कुएं, पुरानी अस्पताल, किला गेट, शिवाजी चौक, झंडा चौक, परसा चौराहा, ऑफिसर कॉलोनी और चित्रगुप्त मंदिर होते हुए खेरा नाका स्थित राधामोहन माहेश्वरी के बगीचे पहुंची।
यात्रा के दौरान भक्तों की भीड़ पूरे आयोजन को अद्भुत दिव्यता प्रदान कर रही थी। परसा चौराहा पर समाजसेवी दीपक चौरसिया ने नगर संकीर्तन में शामिल भक्तों का विशेष स्वागत कर श्रद्धा समर्पित की। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी राधे–राधे के भजनों पर थिरकते दिखे। कई जगह फूल वर्षा कर भक्तों का स्वागत किया गया। खुरई में पिछले 60 वर्षों से गीता जयंती पर नगर संकीर्तन निकालने की परंपरा चली आ रही है।
इस वर्ष भी महाराज श्री 1008 श्री चक्रधर प्रसाद भक्ति शास्त्री जी महाराज के कृपापात्र शिष्य आचार्य श्री हरेकृष्ण दास जी के मार्गदर्शन में देव ब्रजमोहन मंदिर में पांच दिवसीय गीता जयंती महोत्सव का आयोजन किया गया। नगर संकीर्तन के दौरान राधे-राधे के मधुर भजनों से वातावरण भक्तिमय हो गया। कई भक्त भावुक होकर नाचते-गाते दिखे और पूरा शहर कृष्ण भक्ति के रंग में रंग गया।