20 किमी की कठिन राह, दिल में अटूट भक्ति, वर्ल्ड चैंपियन क्रांति गौड़ ने रचा अनोखा इतिहास
बुंदेलखंड की मिट्टी ने आज एक अद्भुत दृश्य देखा—जब भारतीय महिला क्रिकेट टीम की तेज गेंदबाज और वर्ल्ड चैंपियन क्रांति गौड़ ने 20 किलोमीटर की कठिन पदयात्रा कर अबार माता के दरबार में अपनी भक्ति का अद्भुत परिचय दिया। यह यात्रा सिर्फ आस्था नहीं बल्कि अनुशासन, विनम्रता और ऊर्जा का अनूठा संदेश बन गई।
रविवार सुबह घुवारा नगर से शुरू हुई यह पदयात्रा श्रद्धा और उत्साह का ऐसा संगम बनी कि देखने वालों के रौंगटे खड़े हो गए। क्रांति गौड़ जब यात्रा के लिए निकलीं, तो रास्ते भर भीड़ उमड़ पड़ी। रामटौरिया में तो मानो पूरा कस्बा स्वागत को खड़ा हो गया। जयकारों, पुष्पवर्षा और तालियों की गूंज से वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो गया।
युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे—हर कोई इस बेटी के कदमों में कदम मिलाने को उत्सुक था। बस स्टैंड और सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में जो सम्मान समारोह हुआ, वह किसी विजेता के विजय जुलूस जैसा दृश्य पेश कर रहा था। कई जगहों पर लोगों ने उन्हें ‘स्पोर्ट्स आइकन’ कहते हुए सेल्फी ली, ऑटोग्राफ लिए और उनके साथ चलने को गौरव माना। अबार माता मंदिर पहुंचकर क्रांति ने विधि-विधान से पूजा अर्चना की। उन्होंने क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और भारतीय क्रिकेट टीम की सफलता की कामना की। मंदिर समिति ने उन्हें विशेष सम्मान प्रदान किया।
लोगों को संबोधित करते हुए क्रांति गौड़ ने कहा— “अबार माता का आशीर्वाद ही मेरी शक्ति है। यह पदयात्रा मुझे नई ऊर्जा, अनुशासन और मानसिक शांति देती है।” उनकी इस यात्रा ने पूरे क्षेत्र को संदेश दिया कि सफलता सिर्फ मैदान पर नहीं मिलती, वह संस्कारों से जुड़ने और जमीन से जुड़े रहने का नाम है। क्रांति गौड़ की भक्ति और सरलता ने जिस तरह प्रेरणा जगाई, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए यादगार उदाहरण बनकर रह जाएगी।