सागर- बोलेरो की टक्कर से तीन मजदूरों की मौके पर ही मौ-त, तीन परिवारों का सहारा छिना
सागर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। ढाना चौकी क्षेत्र के पटनेश्वर मंदिर के पास शुक्रवार शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। तेज रफ्तार बोलेरो ने सामने से आ रही बाइक को इस कदर टक्कर मारी कि तीनों बाइक सवारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना शाम के समय हुई, जब तीनों मजदूर — दीना अहिरवार, किशन अहिरवार और मथुरा — रोज की तरह सागर शहर से रहली की ओर लौट रहे थे। जैसे ही हौंडा साइन बाइक पटनेश्वर मंदिर के पास पहुंची, सामने से आ रही बोलेरो MP-15CA-8033 अचानक अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों मजदूर सड़क पर ही गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। ढाना चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और तीनों शवों को मेडिकल कॉलेज भिजवाया। बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया गया है और उसके चालक की तलाश की जा रही है।
मृतक दीना अहिरवार 45 साल हर्रा-सहूआ निवासी, किशन अहिरवार 50 साल वार्ड 05 रहली निवासी और मथुरा 56 साल पथरिया, दमोह निवासी थे। तीनों मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालते थे और रोज की तरह शुक्रवार शाम भी अपने घरों की ओर लौट रहे थे। इस दर्दनाक हादसे ने पूरा रहली क्षेत्र शोक में डुबो दिया है। मृतकों के घरों में मातम पसरा है, बच्चे-बुजुर्ग सभी बदहवास हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों पर तेज रफ्तार वाहन रोज खतरा बनकर घूम रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे हादसों पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।