सागर में महिलाओं का फूटा गुस्सा, पुतला दहन, IAS संतोष वर्मा पर, FIR और निलंबन की मांग तेज
सागर में ब्राह्मण समाज की बेटियों को लेकर दिए गए विवादित बयान के बाद IAS संतोष वर्मा लगातार विरोध के घेरे में आते जा रहे हैं। शुक्रवार को सागर में विरोध की आग और भड़क गई, जब सर्व समाज की सैकड़ों महिलाएं कोतवाली थाना परिसर के बाहर जमा हुईं और आईएएस अधिकारी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।महिलाओं ने हाथों में बैनर, पोस्टर और नारे लिखी तख्तियां थाम रखी थीं। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि एक प्रशासनिक अधिकारी द्वारा ऐसी आपत्तिजनक टिप्पणी न सिर्फ समाज का अपमान है, बल्कि महिलाओं की गरिमा से खुला खिलवाड़ भी है। प्रदर्शन के दौरान भारी भीड़ ने IAS संतोष वर्मा का पुतला दहन किया और “महिला सम्मान हमारी पहचान” जैसे नारे लगातार गूंजते रहे।
विरोध कर रही महिलाओं ने कोतवाली टीआई को ज्ञापन सौंपकर FIR दर्ज करने और तत्काल निलंबन की मांग की। महिलाओं का कहना है कि यह सिर्फ एक समाज का मामला नहीं है, बल्कि हर बेटी की अस्मिता का प्रश्न है। प्रतिमा चौबे, जो प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही थीं, ने कहा— “ब्राह्मण समाज की बेटियों पर की गई अभद्र टिप्पणी किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि 7 दिनों के भीतर IAS वर्मा पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।”
महिलाओं का आरोप है कि एक जिम्मेदार अधिकारी द्वारा इस स्तर की टिप्पणी समाज में गलत संदेश देती है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द कदम नहीं उठाया तो जिलेभर में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। कोतवाली क्षेत्र में प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल तैनात किया गया था, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन महिलाओं का आक्रोश साफ झलक रहा था कि वे बिना कार्रवाई के पीछे हटने वाली नहीं हैं। सागर में लगातार बढ़ रहे विरोध को देखते हुए अब सभी की निगाहें प्रशासन पर हैं कि वह इस मामले में आगे क्या कदम उठाता है।