डॉक्टरों का फूटा गुस्सा ! बीना में मामले में कार्रवाई न होने पर एसडीओपी ऑफिस का घेराव |SAGAR TV NEWS
सागर जिले की सिविल अस्पताल बीना में डॉक्टरों और मरीज पक्ष के बीच हुए विवाद का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। घटना के 48 घंटे बाद भी आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं होने से नाराज़ डॉक्टरों ने बुधवार को सामूहिक रूप से एसडीओपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और कड़ी कार्रवाई की मांग की। दो दिन पहले सोमवार की देर रात कटरा वार्ड निवासी मंजू यादव के भांजे आदित्य यादव और ड्यूटी डॉक्टर सौरभ जैन के बीच तीखा विवाद हो गया था। पुरुष मरीज के साथ आए युवक द्वारा कथित रूप से बदसलूकी, गाली-गलौज, धमकी देने और डॉक्टर के साथ धक्का-मुक्की करने का आरोप है। डॉक्टरों का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान शासकीय कार्य में बाधा भी डाली गई।
घटना के अगले दिन मंगलवार को अस्पताल के डॉक्टर, स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन और अन्य कर्मचारी सामूहिक रूप से थाने पहुंचे थे। उन्होंने एसडीएम विजय डेहरिया, एसडीओपी नितेश पटेल और थाना प्रभारी अनूप यादव को ज्ञापन सौंपकर आरोपी युवक के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की थी। लेकिन जब 24 घंटे बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो डॉक्टरों का धैर्य टूट गया। बुधवार को दर्जनों डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ एसडीओपी कार्यालय पहुंचे, जहां एसडीओपी नितेश पटेल मौजूद नहीं थे। उनकी अनुपस्थिति में डॉक्टरों ने कार्यालय में ही ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि आरोपी युवक ने ड्यूटी डॉक्टर के साथ अभद्रता करने, धमकी देने और धक्का-मुक्की करने के साथ-साथ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई है, जो दंडनीय अपराध है। डॉक्टरों ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आगे की रणनीति पर विचार करेंगे। अस्पताल में इस घटना के बाद मेडिकल स्टाफ में भारी नाराज़गी है। उनका कहना है कि लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाएँ डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं।