सागर में हवाला का भंडाफोड़! स्कॉर्पियो से बरामद 4 करोड़ रुपए, दो गिरफ्तार, आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई जारी
सागर जिले में बीती रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया, जब मोतीनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक स्कॉर्पियो वाहन से 4 करोड़ रुपए की हवाला रकम बरामद की। कार की सीटों के नीचे विशेष तरीके से छुपाकर यह रकम महाराष्ट्र ले जाई जा रही थी। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच आयकर विभाग की सागर-जबलपुर संयुक्त टीम कर रही है। जानकारी के अनुसार, मोतीनगर थाना क्षेत्र के सागर–भोपाल मार्ग पर देर रात पुलिस टीम द्वारा वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली गई। वाहन की बारीकी से जांच करने पर सीटों के नीचे कई पैकेट मिले, जिनमें भारी मात्रा में कैश भरा हुआ था।
गिनती करने पर रकम करीब 4 करोड़ रुपए निकली। पकड़े गए दोनों आरोपी रकम के स्रोत के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल आयकर विभाग को सूचना दी। देर रात ही आयकर विभाग की टीमें सागर और जबलपुर से मोतीनगर थाने पहुंचीं और पैसे के स्रोत, उद्देश्य और नेटवर्क से जुड़ी जांच शुरू कर दी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रकम हवाला नेटवर्क के जरिए राज्य की सीमा पार कर महाराष्ट्र भेजी जा रही थी। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि पैसा एक बड़े फाइनेंसर या कारोबारी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। दोनों आरोपियों से पूछताछ में कई अहम सुराग मिलने की संभावना है।
मोतीनगर पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में सबसे बड़ी नकदी बरामदगी में से एक माना जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने रात में ही टीम की सराहना करते हुए कहा कि हवाला नेटवर्क पर सख्ती जारी रहेगी और इस मामले में जल्द ही बड़े खुलासे हो सकते हैं। आयकर विभाग नोटों की सीरियल नंबर, बैंकिंग ट्रेल और डिजिटल लिंक की जांच कर रहा है, ताकि इस रकम के पीछे छिपे पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। खबर लिखे जाने तक कार्यवाई जारी रही।