सागर में 59 साल बाद नवंबर में इतनी ठंड, आज और कल शीतलहर, उत्तर से आ रही बर्फीली हवाएं
उत्तर से आ रही बर्फीली हवाओं ने पूरे बुंदेलखंड को अपनी चपेट में ले लिया है। सागर में नवंबर माह में ठंड ने पिछले 59 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। रविवार-सोमवार की रात में सागर शहर का न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री की गिरावट के साथ 10.2 पर आ गया।
मौसम विभाग के अनुसार इसके पहले वर्ष 1966 में 25 नवंबर को न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री दर्ज किया गया था। इसके बाद पिछले साल 30 नवंबर को पारा 10.3 पर आया था। इसके बीच के सालों में नवंबर माह का औसत न्यूनतम तापमान 12-13 डिग्री के बीच ही रहा है। तापमान में आई इस गिरावट के साथ ही सागर सहित पूरे संभाग में शीतलहर चलने लगी है।
मौसम विभाग के अनुसार मध्य भारत के निचले और मध्य क्षोभमंडलीय स्तरों में प्रबल उत्तर-पश्चिमी हवाएं प्रवाहित हो रही हैं, जिसके चलते अभी 2 दिन यानी मंगलवार व बुधवार को पूरे संभाग में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री कम रहा।