Sagar - देवरी नपा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास 15 में से 13 पार्षदों का समर्थन, अब सरकार पर निगाह
सागर जिले की देवरी नगर पालिका इन दिनों बड़े राजनीतिक संकट के दौर से गुजर रही है। पार्षदों और अध्यक्ष के बीच बढ़ते मतभेदों के चलते नगर पालिका अध्यक्ष नेहा अलकेश जैन की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। देवरी नगर पालिका परिषद के 15 पार्षदों में से 13 असंतुष्ट पार्षदों ने अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल दिए है, संयुक्त हस्ताक्षर के साथ अविश्वास प्रस्ताव 29 अक्टूबर 2025 को सागर कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया गया था सागर कलेक्टर द्वारा प्रस्ताव पर सुनवाई करने 11 नवंबर 2025 को सभी पार्षदों को बुलाया गया।
निर्धारित तिथि पर सभी पार्षद उपस्थित हुए और अपना-अपना पक्ष कलेक्टर के समक्ष रखा। गौरतलब है कि भाजपा के 12 पार्षद पहले ही अध्यक्ष के खिलाफ थे अब कांग्रेस पार्षद अभिलाषा राकेश चौरसिया ने भी अध्यक्ष के खिलाफ स्पष्ट रूप से अपना मत रखते हुए अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन किया।
सभी पक्षों की सुनवाई के बाद कलेक्टर सागर ने अविश्वास प्रस्ताव को विधिसम्मत पाया और उसे मंज़ूर करते हुए प्रतिवेदन राज्य शासन को भेज दिया है। अब आगे की कार्यवाही जिसमें अध्यक्ष पद से पृथक किया जाना शामिल है राज्य शासन स्तर पर तय होगी।इस राजनीतिक खींचतान के चलते नगर के विकास कार्यों के ठप होने से आमजन में भी चिंता और नाराज़गी का माहौल है। देवरी नगर पालिका अब नए नेतृत्व के इंतजार में है
वही एक दिन पहले ही भाजपा ने देवरी नगर पालिका अध्यक्ष और उनके पति को पार्टी विरोधी गतिविधिओं के चलते पार्टी से बाहर कर दिया है।