Sagar -छिरारी में घर के बाहर सो रहे युवक को सियार ने काटा, 13 दिन बाद हुई मौ-त
सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। ग्राम छिरारी में घर के बाहर सो रहे एक युवक पर अचानक सियार ने हमला कर दिया। परिजन तुरंत उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन लगातार बिगड़ती तबीयत के कारण आखिरकार 13 दिन बाद युवक ने दम तोड़ दिया। क्षेत्र में वन्यजीव के बढ़ते दखल को लेकर गांव में दहशत फैल गई है। घटना 3 नवंबर की है। 21 वर्षीय मनोज पिता जमना रैकवार, रात के समय घर के बाहर सो रहा था। अचानक सियार ने उसके हाथ की उंगली पर काट लिया।
युवक दर्द से चिल्लाया तो परिवार वाले बाहर पहुंचे और किसी तरह सियार को भगाया। तुरंत मनोज को रहली अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार शुरू हुआ। परिजनों के मुताबिक मनोज की हालत धीरे-धीरे बिगड़ती चली गई। 14 नवंबर को तबीयत गंभीर होने पर उसे आगे उपचार के लिए सागर के भाग्योदय अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने तत्काल भोपाल रेफर करने की सलाह दी। परिवार वाले उसे भोपाल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन रास्ते में स्थिति और खराब हुई, जिसके बाद उसे फिर रहली अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने मनोज को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम करवाया गया और परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम छिरारी दुर्गावती टाइगर रिजर्व से जुड़ा इलाका है। यहां वन्यजीवों का अक्सर गांव तक पहुंचना आम बात है। ग्रामीणों ने बताया कि सियार और अन्य जंगली जानवर गाहे-बगाहे गांव में प्रवेश करते हैं, जिससे हमले की आशंका बनी रहती है। मनोज की जान जाने के बाद में जंगल किनारे बसे गांवों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।