Sagar - बांध का विरोध करने सब्जी आटा कंडे लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीण, बोले नहीं चाहिए़ तालाब
सागर के ग्राम चैनपुरा के रहवासी गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। वे गांव में प्रस्तावित जलाशय का विरोध कर रहे थे। ग्रामीण अपने साथ आटा, सब्जी, कंडे (गोबर के उपले) समेत अन्य वस्तुएं लेकर पहुंचे। उनका कहना था कि यदि सुनवाई नहीं हुई तो वह रात कलेक्टर कार्यालय के गेट पर ही बिताएंगे। वहीं खाना बनाएंगे। लेकिन अधिकारियों की समझाइश के बाद वे माने और वापस लौट गए।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में कहा कि चैनपुरा में बांध परियोजना प्रस्तावित है। जबकि गांव में जलाशय की जरूरत नहीं है। जल संसाधन विभाग की टीम सर्वे के लिए पहुंची थी। लेकिन ग्रामवासियों ने विरोध किया। उन्होंने कहा कि गांव में 8 बड़े तालाब हैं, करीब 200 कुएं हैं।
गांव में सिंचाई, मवेशियों और दैनिक उपयोग के लिए पर्याप्त पानी है। बावजूद इसके राजनीति द्वेष में जलाशय का निर्माण कराया जा रहा है। जिसमें गांव के गरीब, आदिवासी परिवारों की जमीन जा रही है। 100 से अधिक परिवार प्रभावित हो रहे हैं। परियोजना करीब 85 प्रतिशत निजी भूमि है। क्योंकि वहां पर शासकीय भूमि उपलब्ध नहीं है और निजी भूमि गरीब, लघु किसानों की है।