सागर-खुरई में जांच के दौरान लोहे से भरा ट्रक जब्त, टीम ने पुलिस को सौंपी गाड़ी, GST टीम देखकर भागा ट्रक ड्राइवर!
सागर जिले के खुरई से बड़ी खबर सामने आई है, जहां जीएसटी टीम को देखकर एक ट्रक ड्राइवर ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। यह घटना स्टेशन रोड स्थित पुराने पशु चिकित्सालय के सामने की बताई जा रही है। ट्रक में भारी मात्रा में लोहा लदा हुआ था। जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक एमपी 15 एचए 7077 रायपुर से लोहा लेकर खुरई की ओर आ रहा था। तभी जीएसटी विभाग की असिस्टेंट कमिश्नर सुप्रिया पाठक के नेतृत्व में जांच टीम ने ट्रक को रोक लिया और दस्तावेज़ मांगे। ड्राइवर ने टीम से कहा कि वह दो मिनट में टॉयलेट करके आता है और फिर कागजात दिखाएगा। लेकिन कुछ देर बाद टीम को शक हुआ, क्योंकि ड्राइवर काफी देर तक वापस नहीं लौटा।
जब टीम ने ट्रक की जांच करने की कोशिश की, तो पता चला कि ड्राइवर ट्रक की चाबी भी निकालकर अपने साथ ले गया था। जीएसटी टीम ने स्थिति की जानकारी तुरंत शहरी पुलिस थाने को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। फिलहाल ट्रक को पुलिस थाने में खड़ा किया गया है और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। असिस्टेंट कमिश्नर सुप्रिया पाठक ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रक का माल वैध है या नहीं।
दस्तावेज़ों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में हलचल मच गई, क्योंकि ट्रक में लदे लोहे की मात्रा काफी अधिक बताई जा रही है। वहीं, ड्राइवर की तलाश में पुलिस की टीम जुट गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के वक्त सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। इस घटना ने यह सवाल जरूर खड़ा किया है कि आखिर ड्राइवर को ऐसा क्या डर था कि वह ट्रक वहीं छोड़कर भाग निकला।