दिल्ली धमाके की गूंज इंदौर तक ! अल-फलाह यूनिवर्सिटी के चेयरमैन जवाद सिद्दीकी का महू से निकला कनेक्शन
दिल्ली में हुए धमाके की जांच अब मध्यप्रदेश के इंदौर जिले तक पहुंच गई है। जांच एजेंसियों को पता चला है कि अल-फलाह यूनिवर्सिटी के चेयरमैन जवाद सिद्दीकी का संबंध इंदौर के महू से रहा है। इस खुलासे के बाद स्थानीय पुलिस ने महू में उसके पुराने रिकॉर्ड और कनेक्शन खंगालने शुरू कर दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक, जवाद सिद्दीकी का परिवार लगभग 25 साल पहले महू छोड़कर दिल्ली चला गया था। उससे पहले उनका परिवार महू में ही कई साल तक रहा, जहां उसके पिता स्थानीय स्तर पर कारोबार करते थे। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि जवाद के भाई पर महू थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ था।
अब पुलिस उस पुराने मामले की फाइलें दोबारा खोल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि जवाद या उसके परिवार के खिलाफ पहले कोई संदिग्ध गतिविधियां तो नहीं थीं। इंदौर ग्रामीण एसपी योगचेन डोलकर भूटिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई है कि जवाद सिद्दीकी महू का ही मूल निवासी है। पुलिस की एक टीम को उसके पुराने ठिकानों और संपर्कों की जांच के लिए भेजा गया है। मकसद है यह पता लगाना कि कहीं महू में कोई संदिग्ध नेटवर्क या आर्थिक लेन-देन से जुड़ा मामला तो नहीं रहा। फिलहाल, दिल्ली धमाके की जांच केंद्रीय एजेंसियां कर रही हैं, और इंदौर पुलिस लगातार उनके संपर्क में है।
पुलिस को उम्मीद है कि महू से मिले पुराने रिकॉर्ड इस केस की जांच में अहम कड़ी साबित हो सकते हैं। इस खुलासे के बाद महू में चर्चा का माहौल गर्म है। स्थानीय लोग हैरान हैं कि एक बड़े धमाके के आरोपी का नाम उनके ही शहर से जुड़ा निकला। जांच एजेंसियां अब जवाद सिद्दीकी के पारिवारिक, आर्थिक और सामाजिक संबंधों की गहराई से जांच कर रही हैं, ताकि किसी भी संभावित आतंकी या आपराधिक नेटवर्क का सुराग मिल सके। योगचेन डोलकर भूटिया, एसपी ग्रामीण, इंदौर ने बताया कि जवाद सिद्दीकी का महू से पुराना कनेक्शन मिला है। हमने रिकॉर्ड खंगालना शुरू कर दिए हैं, और जांच एजेंसियों से लगातार समन्वय किया जा रहा है।