सीएम मोहन यादव ने दद्दा धाम में टेका माथा बोले, दद्दाजी ने समाज को परोपकार का मार्ग दिखाया
एमपी के कटनी के झिंझरी स्थित दद्दा धाम में आज परम पूज्य पंडित देवप्रभाकर शास्त्री ‘दद्दाजी’ के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धाम पहुंचकर दद्दा जी महाराज की प्रतिमा के दर्शन किए और मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन कर माथा टेका। मुख्यमंत्री के साथ प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा भी मौजूद रहे। दोनों ने नवनिर्मित मंदिर परिसर का अवलोकन किया और उसकी भव्यता की प्रशंसा की। मुख्यमंत्री ने दद्दाजी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और कहा कि “दद्दाजी ने समाज को अध्यात्म, धर्म और परोपकार का मार्ग दिखाया है।
उन्होंने मानवता की सेवा को ही जीवन का सच्चा उद्देश्य बताया।” सीएम ने भावुक होते हुए कहा — “ऐसे संत सदियों में एक बार जन्म लेते हैं।” मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अनिरुद्धाचार्य महाराज और स्वामी इंद्रेश महाराज का भी स्वागत-अभिनंदन किया। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, सांसद वी.डी. शर्मा, और क्षेत्र के चारों विधायक मौजूद रहे। इससे पहले आयोजित प्राण प्रतिष्ठा समारोह में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और अभिनेता आशुतोष राणा ने भी भाग लिया। दोनों ने श्रद्धाभाव से दद्दाजी की समाधि पर मत्था टेका और आशीर्वाद की कामना की। मुख्यमंत्री मोहन यादव करीब 4:23 बजे झिंझरी हेलीपैड पहुंचे, जहां मंत्री और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।
इसके बाद वे सीधे दद्दा धाम पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। झिंझरी हेलीपैड से लेकर धाम परिसर तक पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई। यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए। मुख्यमंत्री के स्वागत में डीआईजी अतुल सिंह, कलेक्टर आशीष कुमार तिवारी, एसपी अभिनव विश्वकर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।