सीएम मोहन यादव का बड़ा तोहफ़ा! लाड़ली बहनों को अब हर महीने ₹1500, सिवनी से ट्रांसफर हुई 30वीं किस्त
मध्यप्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए आज का दिन बेहद खास रहा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिवनी से लाड़ली बहना योजना की 30वीं किस्त जारी कर दी है। इस बार बहनों के खातों में ₹1250 नहीं, बल्कि बढ़ी हुई ₹1500 की राशि पहुंची है। सिवनी के पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से सीएम ने सिंगल क्लिक के ज़रिए प्रदेश की 1.26 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में ₹1857 करोड़ ट्रांसफर किए। यह वही वादा है जो चुनाव से पहले किया गया था — और अब उसे निभाया गया है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक अलग ही अंदाज़ में नज़र आए। उन्होंने मंच से एक लाड़ली बहन और उनके पति शिव चंद्रवंशी से मज़ाकिया लहजे में कहा — "जीजाजी, हमारी बहन को डराते तो नहीं? कहीं आप उनसे पैसे तो नहीं ले लेते?"
इस पर एडवोकेट शिव चंद्रवंशी ने मुस्कुराते हुए बताया कि उनकी पत्नी स्टेशनरी की दुकान में उनकी मदद करती हैं। सीएम ने स्नेह दिखाते हुए कहा कि वह अगली बार ‘बहन की बनाई सब्जी-रोटी’ भी खाएंगे। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा — “कांग्रेसी सुन लें कान खोलकर! हमने कहा था भाई दूज से ₹250 बढ़ाएंगे — और अब हर महीने ₹1500 मिलते रहेंगे।” सीएम ने ‘वंदे मातरम’ के मुद्दे पर भी नेहरू और कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। इसके साथ ही डॉ. मोहन यादव ने ₹560 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया। इनमें सड़कों, पुलों, नल-जल योजनाओं और मुंडा जलाशय के बांध निर्माण जैसे कई प्रोजेक्ट शामिल हैं। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा, विधायक दिनेश राय मुनमुन, सांसद भारती पारधी समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सिवनी के कोने-कोने से पहुंची लाड़ली बहनों की भीड़ ने कार्यक्रम को जनसमुद्र में बदल दिया। और इसके साथ ही प्रदेश की लाड़लियों के खातों में अब हर महीने ₹1500 की नई उम्मीद दस्तक देने लगी है।