Sagar- कार में छिपे थे लाखों के पटाखे ! पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जबलपुर से आ रहा था विस्फोटक माल
सागर जिले के गढ़ाकोटा में पुलिस ने एक कार से लाखों रुपए के अवैध पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने कार और माल दोनों को ज़ब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पटाखे लेकर जबलपुर से गढ़ाकोटा की ओर आ रहा था। पुलिस ने इस कार्रवाई को विस्फोटक अधिनियम के तहत बड़ी सफलता बताया है।
मामला बुधवार रात का है। गढ़ाकोटा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में बड़ी मात्रा में अवैध पटाखों का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने चौकसी बढ़ाई और कुछ ही देर में नीले रंग की रिनॉल्ट क्विड कार को रोक लिया।
कार की तलाशी के दौरान पुलिस ने करीब ढाई लाख रुपए के अवैध पटाखे बरामद किए। कार चालक की पहचान हरगोविंद पिता रामेश्वर कुर्मी (उम्र 64 वर्ष) निवासी रजाखेड़ी सागर के रूप में हुई। पुलिस ने जब उससे पटाखों के लाइसेंस के बारे में पूछा तो वह कोई दस्तावेज़ प्रस्तुत नहीं कर सका।
गढ़ाकोटा थाने के उपनिरीक्षक लक्ष्मी प्रसाद मिश्रा ने बताया कि बरामद पटाखों की कीमत लगभग ढाई लाख रुपए है, जबकि आरोपी की कार की कीमत करीब तीन लाख रुपए आंकी गई है। दोनों को विस्फोटक अधिनियम के तहत ज़ब्त कर लिया गया है। आरोपी हरगोविंद कुर्मी जीएसटी विभाग के रिटायर्ड क्लर्क बताए जा रहे हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि ये पटाखे उन्होंने जबलपुर से खरीदे थे और उन्हें अपने दोस्त के बेटे की शादी में ले जा रहे थे, लेकिन उनके पास कोई वैध लाइसेंस नहीं था।
त्योहारों के सीजन में इस तरह अवैध पटाखों की खेप पुलिस के लिए चुनौती बनती जा रही है। गढ़ाकोटा पुलिस की सतर्कता ने एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया, वरना ज़रा सी लापरवाही से ये कार चलता-फिरता बारूद का गोदाम बन सकती थी।