वीर जवान की फुर्ती से टली हादसा, जबलपुर स्टेशन पर महिला को बचाया मौत के मुंह से |SAGAR TV NEWS|
एमपी के जबलपुर रेलवे स्टेशन पर उस वक्त दिल दहला देने वाला दृश्य देखने को मिला जब एक महिला यात्री ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गई, लेकिन मौके पर मौजूद आरपीएफ के बहादुर आरक्षक राजेश चौहान ने जान की परवाह किए बिना महिला की जान बचाकर बड़ा हादसा टाल दिया। यह घटना प्लेटफॉर्म नंबर 4 की बताई जा रही है, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी अब सामने आया है। मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना गाड़ी नंबर 11265 अम्बिकापुर एक्सप्रेस की है। ट्रेन जैसे ही प्लेटफॉर्म नंबर 4 से रवाना होने लगी, एक महिला यात्री ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रही थी, तभी उसका पैर फिसल गया और वह चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गई। महिला की जान कुछ ही सेकंड में जा सकती थी, लेकिन उसी वक्त ड्यूटी पर मौजूद आरपीएफ आरक्षक राजेश चौहान ने बिना पल गंवाए दौड़कर महिला को खींचकर बाहर निकाल लिया।
यह पूरा घटनाक्रम स्टेशन के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि किस तरह आरक्षक ने अपनी जान जोखिम में डालकर महिला की जान बचाई। सूत्रों के मुताबिक महिला का नाम अंजू लकड़ा है, जो कटनी में पदस्थ एएसआई बताई जा रही हैं। इस हादसे में उन्हें मामूली चोटें आई हैं, लेकिन आरक्षक की फुर्ती और साहस ने एक बड़ा हादसा होने से रोक दिया। रेलवे सुरक्षा बल के जवान राजेश चौहान की सतर्कता और बहादुरी की वजह से आज एक जिंदगी बच गई। जबलपुर स्टेशन की यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि फरिश्ते हमेशा हमारे बीच होते हैं — बस वर्दी में।