फिर गरजा बुलडोज़र, बेगमबाग में एक दर्जन अवैध मकान ढहाए, प्रशासनिक एक्शन से हड़कंप!" |SAGAR TV NEWS|
एमपी के उज्जैन में प्रशासन ने अवैध निर्माण के खिलाफ एक और बड़ी कार्यवाही की है। बेगमबाग कॉलोनी में आज फिर बुलडोज़र चला, जहां करीब एक दर्जन मकानों को जमींदोज़ कर दिया गया। कार्यवाही के दौरान भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। जानकारी के मुताबिक, उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए) द्वारा बेगमबाग कॉलोनी में 28 भूखंड आवासीय उपयोग के लिए लीज पर दिए गए थे, लेकिन लीज धारकों ने शर्तों का उल्लंघन करते हुए वहां व्यावसायिक निर्माण कर लिया। यह पूरी तरह नियम विरुद्ध था। इसके बाद प्राधिकरण ने सभी भूखंडों की लीज निरस्त कर दी और अवैध निर्माण हटाने के नोटिस जारी किए।
इसी क्रम में पहले चरण की कार्रवाई में 28 मकान तोड़े जा चुके हैं, और आज फिर मोहन सरकार का बुलडोज़र बेगमबाग में गरजा। प्रशासनिक टीम सुबह ही मौके पर पहुंच गई और जेसीबी व पोकलेन मशीनों की मदद से लगभग एक दर्जन अवैध मकान ढहा दिए गए। कार्रवाई के दौरान 100 से अधिक पुलिस अधिकारी व जवानों के साथ बड़ा प्रशासनिक अमला तैनात रहा, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने। प्रशासन का कहना है कि अवैध निर्माण किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे।
संदीप सोनी, सीईओ प्राधिकरण ने बताया कि बेगमबाग क्षेत्र में सभी अवैध निर्माणों को चिन्हित कर हटाया जा रहा है। जिन लोगों ने लीज की शर्तों का उल्लंघन किया है, उनके खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से बेगमबाग क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। स्थानीय निवासियों में खलबली है, वहीं कई लोग प्रशासन की इस कार्रवाई को शहर में बढ़ती अवैध कॉलोनियों पर रोक लगाने की सख्त पहल बता रहे हैं।