बस हादसे में तीसरी मौत ! कलेक्टर पहुंचे एमवाय अस्पताल, मुख्यमंत्री ने जताया दुख
एमपी के इंदौर से बड़ी खबर —खंडवा रोड स्थित भेरूघाट में हुए दर्दनाक बस हादसे में अब तक तीन लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 13 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में तिलक नगर निवासी 45 वर्षीय पदमा, 25 वर्षीय राहुल, और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, बस इंदौर से ओंकारेश्वर की ओर जा रही थी, जब अचानक ड्राइवर का नियंत्रण खो गया और बस घाट में जा गिरी।
हादसे के बाद चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू किए और घायलों को एमवाय अस्पताल इंदौर में भर्ती कराया गया। घायलों में न्यू गौरी नगर निवासी 47 वर्षीय चिंतेश पिता मंगल, 45 वर्षीय अरला पति चिंतेश, प्रियांशु पिता संजय, नवल किशोर, कबीर, नेहा, सरला, अनिता, प्रतीक पिता संजय तिवारी और रामकिशोर समेत कई लोग शामिल हैं। देर रात कलेक्टर शिवम वर्मा स्वयं एमवाय अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि आप फिक्र न करें, शासन-प्रशासन आपके साथ है। सभी घायलों का समुचित इलाज कराया जाएगा।
कलेक्टर ने अस्पताल प्रबंधन को सभी मरीजों के लिए सर्वोत्तम उपचार और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उधर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को स्वेच्छानुदान से 2–2 लाख रुपये देने की घोषणा की है और घायलों के निःशुल्क उपचार के निर्देश भी दिए हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घाट में मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।