सागर- खुरई में एक्सपायरी डेट की मैगी, बच्चे के लिए खरीदी मैगी बनी खतरा, महिला ने खोला दुकानदार का पोल!
अगर आपके घर में बच्चे मैगी के शौकीन हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत ज़रूरी है। मध्य प्रदेश के सागर जिले के खुरई से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक महिला ने बाजार से जो मैगी खरीदी, वह एक्सपायरी डेट की निकली। सवाल ये है कि आखिर बाजार में कितनी लापरवाही से एक्सपायरी प्रोडक्ट बेचे जा रहे हैं? घटना राजीव गांधी चौक, खुरई की है। यहाँ महावीर वार्ड निवासी दीपक गोस्वामी की मां अपने पोते के लिए मैगी खरीदने गई थीं।
उन्होंने पतंजलि की 12 रुपये कीमत वाली दो मैगी के पैकेट खरीदे। घर लौटकर उन्होंने दोनों पैकेट अपनी बहू को दे दिए, जिसने बच्चे के लिए मैगी बनाने की तैयारी शुरू की। लेकिन तभी उसकी नजर पैकेट पर लिखी मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट पर पड़ी — एक पैकेट की एक्सपायरी 2023 की थी और दूसरा जनवरी 2025 की। यानि दोनों ही पैकेट एक्सपायर हो चुके थे!
महिला ने तुरंत बेटे को बुलाया और दुकानदार के पास भेजा। जब एक्सपायरी मैगी लौटाई गई तो दुकानदार ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा — "मैं दुकान पर नहीं था, मेरे लड़के ने गलती से पुराने पैकेट दे दिए।" लेकिन सवाल यह है कि क्या यह सिर्फ गलती थी या लापरवाही से की जा रही सेहत से खिलवाड़ की कोशिश? दीपक गोस्वामी ग्राहक ने बताया कि "हमने दो पैकेट खरीदे थे, दोनों एक्सपायर थे।
अगर ध्यान न जाता तो बच्चा बीमार पड़ सकता था। ऐसे सामान की बिक्री पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। लोग अब दुकानों से खाद्य सामग्री खरीदते वक्त एक्सपायरी डेट चेक करने की अपील कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से भी मांग की है कि ऐसे दुकानदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई और परिवार इस तरह की लापरवाही का शिकार न बने।