डॉक्टर के चेहरे पर कालिख, फिर थाने में सरेंडर, शिवसेना उपाध्यक्ष ने खुद बनाया वीडियो |SAGAR TV NEWS|
मध्य प्रदेश के सीधी ज़िले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ जिला अस्पताल में पदस्थ सिविल सर्जन डॉ. एस.बी. खरे पर शिवसेना के प्रदेश उपाध्यक्ष ने कालिख पोत दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। विरोध प्रदर्शन के इस अनोखे तरीके ने पूरे प्रशासनिक तंत्र में हड़कंप मचा दिया है। रविवार सुबह यह घटना हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित नर्सिंग होम के पास की बताई जा रही है, जहाँ डॉ. एस.बी. खरे अपने घर से क्लीनिक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान शिवसेना के प्रदेश उपाध्यक्ष ने उनके चेहरे पर कालिख पोत दी और पूरा वीडियो खुद रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया।
चौंकाने वाली बात यह रही कि विरोध प्रदर्शन करने के बाद शिवसेना नेता स्वयं थाने पहुंच गए और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। थाने के बाहर उन्होंने कैमरे पर बयान देते हुए कहा —"हमने पहले भी सिविल सर्जन के खिलाफ शिकायत दी थी। यह सिर्फ विरोध था, किसी को आहत करना हमारा उद्देश्य नहीं था।" उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने एसपी सीधी को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं किया गया। इस मामले में डीएसपी अमन मिश्रा ने बताया कि डॉक्टर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जांच कर रही है।
जब मीडिया ने पूछा कि आरोपी ने खुद सरेंडर किया या गिरफ्तारी हुई, तो डीएसपी ने कहा — “जांच जारी है, निष्कर्ष पर पहुँचना अभी जल्दबाजी होगी। बताया जा रहा है कि जिला अस्पताल की अव्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं में गिरावट और निजी नर्सिंग होम्स की बढ़ती निर्भरता को लेकर शिवसेना नेता लंबे समय से नाराज़ चल रहे थे। कलेक्टर और स्वास्थ्य विभाग से शिकायतें करने के बावजूद कार्रवाई न होने पर यह विरोध उग्र रूप में सामने आया।