सागर-खुरई से दो नाबालिग लड़कियां लापता! रेलवे स्टेशन तक मिलीं, फिर अचानक गुम...! |SAGAR TV NEWS|
सागर जिले के खुरई देहात थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दो नाबालिग लड़कियां रहस्यमय तरीके से लापता हो गईं। दोनों शुक्रवार की दोपहर घर से निकलीं और फिर कभी वापस नहीं लौटीं। परिजनों का बुरा हाल है — वे दर-दर भटकते हुए अपनी बेटियों की तलाश में हैं। जानकारी के अनुसार, खुरई देहात थाना क्षेत्र के बछऊ बांदरी गांव में रहने वाली 16 वर्षीय निकिता शुक्रवार दोपहर गांव की दुकान से कुछ सामान लेने के लिए घर से निकली थी। लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। उसी दिन गांव की ही 17 वर्षीय सीमा, जो निकिता की पड़ोसी है, गाय को पानी पिलाने के लिए खेरे तक जाने का कहकर घर से निकली — लेकिन वह भी लौटकर नहीं आई।
परिजनों ने पहले दोनों की तलाश गांव और आसपास के इलाकों में की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो वे पुलिस के पास पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार को दोनों लड़कियां खुरई रेलवे स्टेशन पर देखी गई थीं, जहां से उन्होंने बीना जाने के लिए एक ऑटो किया था।
बताया जा रहा है कि दोनों बीना तक पहुंचीं, लेकिन उसके बाद उनका कोई अता-पता नहीं चला। दोनों परिवारों ने खुरई देहात थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों लड़कियों की तलाश शुरू कर दी है और रेलवे स्टेशन सहित बीना और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
परिजन ने बताया कि हमारी बेटियां दोपहर में घर से निकलीं थीं। हमने हर जगह तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। अब बस यही उम्मीद है कि वो जल्द मिल जाएं। फिलहाल पुलिस ने दोनों नाबालिगों के मोबाइल लोकेशन और संभावित रूट की जांच शुरू की है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए खुरई देहात पुलिस ने पड़ोसी जिलों में भी अलर्ट जारी किया है।