सागर- डेयरियों पर नकेल, पानी की बर्बादी पर सख्ती और अतिक्रमण पर वार! निगम की बड़ी कार्रवाई
सागर नगर निगम प्रशासन एक्शन मोड में है। शहर की साफ-सफाई, जल संरक्षण और बाजार व्यवस्था को लेकर निगम ने शनिवार को कई सख्त कदम उठाए। निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने स्वयं गलियों का निरीक्षण कर डेयरियों, पेयजल की बर्बादी और अतिक्रमण पर कार्रवाई कराई।
नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने वार्ड-वार्ड निरीक्षण के दौरान डेयरी संचालकों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। लीलाधर यादव, हर्ष यादव और रामसेवक यादव सहित आठ डेयरी संचालकों के नल कनेक्शन काटने के आदेश दिए गए।
आयुक्त ने साफ कहा कि शहर से सभी डेयरियों का विस्थापन हफसिली स्थल पर किया जाएगा, जहां डेयरी संचालकों को सभी मूलभूत सुविधाएं दी जा चुकी हैं। जो संचालक अब भी शहर में डेयरी चला रहे हैं, उन पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
निरीक्षण के दौरान निगम टीम ने संकरी गलियों में बहते पानी को देखकर लगभग 20 नलों में नई टोंटियां लगवाईं। आयुक्त ने जलप्रदाय टीम को निर्देश दिया कि शहरभर में लीक हो रहे कनेक्शनों को चिन्हित कर तुरंत सुधार करें। नागरिकों को जागरूक करते हुए कहा गया कि हर बूंद कीमती है — पानी बचाना हम सबकी जिम्मेदारी है।
और वहीं इसी बीच देवउठनी ग्यारस पर आयुक्त खत्री ने कटरा बाजार का निरीक्षण कर दुकानदारों को रोड पर अतिक्रमण न करने की हिदायत दी। उन्होंने स्वयं मौके पर फूल विक्रेताओं और ठेला संचालकों की दुकानें पीली लाइन के अंदर लगवाकर बाजार को व्यवस्थित कराया।
और वहीं मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर नगर निगम ने शहरभर में महापुरुषों की प्रतिमाओं की धुलाई, साफ-सफाई और माल्यार्पण भी कराया। बस स्टैंड, मोतीनगर और भगवानगंज सहित कई चौराहों पर प्रतिमाओं के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया गया।
सागर नगर निगम की यह सतत मुहिम शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। निगमायुक्त ने साफ कहा है — जो शहर हित में सहयोग नहीं करेगा, उस पर सख्त कार्रवाई तय है!